चंडीगढ़, 29 मार्च (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा पर गैर-जिम्मेदाराना और भ्रामक बयानबाजी का आरोप लगाया है।
पार्टी के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से जारी पोस्ट में कहा गया कि प्रताप बाजवा ने एक गैर-पंजीकृत अस्पताल का वीडियो पोस्ट कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने इस मामले में तुरंत स्पष्टीकरण देते हुए प्रताप बाजवा द्वारा फैलाए गए भ्रम का पर्दाफाश किया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड’ केवल पंजीकृत और सरकारी मान्यता प्राप्त अस्पतालों में ही काम करता है। गैर-पंजीकृत अस्पताल में यह कार्ड लागू नहीं होता।
‘आप’ पंजाब ने लिखा, “प्रताप बाजवा का गैर-जिम्मेदाराना और गुमराह करने वाला काम! स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने प्रताप बाजवा द्वारा फैलाए गए भ्रम का पर्दाफाश किया।”
प्रताप बाजवा ने एक ऐसे अस्पताल का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जहां मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड काम नहीं कर रहा था। यह अस्पताल गैर-पंजीकृत था, इसलिए वहां कार्ड का इस्तेमाल संभव नहीं था। संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति होने के बावजूद जनता को गुमराह करने के लिए प्रताप बाजवा को राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
‘आप’ पंजाब ने इस घटना को विपक्ष की हताशा का प्रतीक बताया। पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार मजबूत हो रही हैं। ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड’ के तहत लाखों लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है। ऐसे में विपक्षी नेता भ्रम फैलाकर सरकार की उपलब्धियों पर सवाल उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
डॉ. बलवीर सिंह, जो खुद एक डॉक्टर हैं, ने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाएं पारदर्शी और नियमों के अनुसार चलाई जा रही हैं। गैर-पंजीकृत अस्पतालों में कार्ड का इस्तेमाल नहीं होने देना नियम का हिस्सा है। उन्होंने प्रताप बाजवा से अपील की कि वे जनता को गुमराह करने वाले बयानों से बचें और सही तथ्यों पर आधारित आलोचना करें।
‘आप’ पंजाब ने विपक्ष से मांग की है कि वे जनता के सामने सच्चाई रखें। पार्टी का दावा है कि पंजाब में आम आदमी क्लीनिक, मोहल्ला क्लीनिक और स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं से स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति आ रही है।




