लखनऊ, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में विभिन्न प्राकृतिक एवं आकस्मिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों और कृषकों को त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है। प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू ने सभी जनपदों के लिए कुल 46 करोड़ 28 लाख रुपये की राहत सहायता धनराशि जारी की है।
उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों तक यह सहायता हर हाल में पहुंचाई जाए। जारी धनराशि का वर्गीकरण करते हुए बताया गया है कि ओलावृष्टि से प्रभावित परिवारों के लिए 17 करोड़ 95 लाख रुपये, अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के लिए 6 करोड़ 32 लाख रुपये तथा अन्य विभिन्न आपदाओं से प्रभावित लोगों के लिए 22 करोड़ 17 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि सीधे संबंधित जनपदों को उपलब्ध करा दी गई है, जिससे राहत वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो।
प्रमुख सचिव राजस्व ने हाल के दिनों में हुई बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी स्थिति में राहत कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नुकसान का आकलन तेजी से पूर्ण कर लें और पात्र लोगों को समयबद्ध तरीके से सहायता उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही उन्होंने यह निर्देश भी दिया कि यदि किसी जनपद में उपलब्ध धनराशि अपर्याप्त हो, तो तत्काल अतिरिक्त बजट की मांग शासन को भेजी जाए, ताकि राहत कार्य बाधित न हों।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित परिवारों और किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करना उसकी प्राथमिकता है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों प्रभावित परिवारों और कृषकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

