मुंबई, 16 फरवरी (आईएएनएस)। टी-20 विश्व कप में भारत की जीत पर भाजपा नेताओं के बयान पर शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने तंज कसते हुए कहा कि जब आतंकिस्तान से आतंकवाद को खत्म करेंगे, तब हम कहेंगे ‘रौंद दिया’।
श्रीलंका के कोलंबो में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला गया। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान पर जीत दर्ज की। इस पर भाजपा नेताओं ने कहा कि टीम इंडिया ने पाकिस्तान को मैदान पर रौंद दिया।
मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा नेताओं को शर्म आनी चाहिए कि वे किस मुंह से कह रहे हैं ‘रौंद दिया’ या ‘जीत गए मैच’। प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि पहलगाम में जो निर्दोष लोग मारे गए, उनकी विधवाओं से पूछिए उन्हें कैसा लग रहा है। वे बार-बार मना करते रहे कि मैच नहीं होने चाहिए। भारत ने एशिया कप में भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेला और टी-20 विश्व कप में भी भारत ने पाकिस्तान के साथ खेलना जारी रखा। एशिया कप भारत जीतता है तो वे जीत की ट्रॉफी को साथ लेकर चले जाते हैं।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि जब तक आतंकवाद को ‘आतंकिस्तान’ से खत्म नहीं करेंगे, तब तक यह मत कहिए कि ‘रौंद दिया’। यह सिर्फ जनता का ध्यान भटकाने वाली बात है। मैंने इसका विरोध किया है और करती रहूंगी।
उन्होंने टीपू सुल्तान विवाद पर कहा कि मुंबई में चल रही राजनीति पर ध्यान देना चाहिए। मेट्रो पिलर का एक सेक्शन गिर गया, जिसमें लोगों की मौत हुई। इंफ्रास्ट्रक्चर चरमरा गया है। ये सब मुद्दों को हटाने के लिए दूसरे मुद्दों पर ले जाते हैं। भाजपा को जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान ‘पिनाराई विजयन फिर बनेंगे केरल के सीएम’ पर कहा कि अच्छी बात है कि वे ज्योतिष बनकर अपना नया करियर देख रहे हैं। वह भविष्यवाणी कर रहे हैं। अगर वह ऐसा कह रहे हैं तो इस बारे में वे बेहतर जवाब दे सकते हैं।

