अब्राहम्स, नडाबा और वेबस्टर की साउथ अफ्रीकी महिला टीम के कोचिंग स्टाफ से छुट्टी

0
5

जोहान्सबर्ग, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने 2026 के आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी महिला टीम (प्रोटियाज) के कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं। बोर्ड ने बैटिंग कोच बाकिर अब्राहम्स, फील्डिंग कोच बोंगानी नडाबा और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच जेन वेबस्टर को टीम से अलग करने का फैसला लिया है।

सीएसए ने बताया कि इन तीनों कोचों के कॉन्ट्रैक्ट जल्द खत्म होने वाले हैं और 2025/26 सीजन के बाद उन्हें आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। यह फैसला टीम में नए बदलाव और नई सोच लाने के लिए लिया गया है। महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज 12 जून से होना है और खिताबी मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाना है। विश्व कप की मेजबानी इस बार इंग्लैंड करता हुआ नजर आएगा। इससे पहले साउथ अफ्रीका की टीम भारत के खिलाफ 17 से 27 अप्रैल तक पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेगी, जिसके लिए 15 खिलाड़ियों की टीम भी घोषित कर दी गई है।

टीम के हेड कोच मंडला माशिम्बी ने कहा कि टीम हमेशा आगे बढ़ना चाहती है और नए लोगों के आने से टीम को नई सोच और नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने पुराने कोचों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने टीम के लिए मजबूत नींव तैयार की है। ये तीनों कोच उस समय टीम के साथ थे जब साउथ अफ्रीका ने 2023 और 2024 के विमेंस टी20 वर्ल्ड कप और 2025 के विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई थी।

अब इनकी जगह कुछ समय के लिए नए कोच लाए गए हैं। एंड्रयू पुटिक को बैटिंग कोच, मदुदुजी म्बाथा को फील्डिंग कोच और तुमी मासेकेला को स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच बनाया गया है। ये सभी वर्ल्ड कप खत्म होने तक टीम के साथ रहेंगे। सीएसए के डायरेक्टर एनोच नक्वे ने कहा कि पुराने कोचों का योगदान बहुत अहम रहा है और नए कोचों के आने से टीम को और मजबूती मिलेगी। उनका मानना है कि ये बदलाव टीम को आगे और बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेंगे।