एआई समिट में प्रदर्शन पर गिरिराज सिंह बोले, अबोध बालक की तरह राहुल गांधी ने किया बर्ताव

0
7

नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें अबोध बालक बताया है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा जिस तरह से यूथ कांग्रेस द्वारा एआई समिट में विरोध प्रदर्शन किया गया, कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को शर्म आनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एआई समिट में विदेशी मेहमान आए थे। गांवों में भी मेहमानों का सम्मान किया जाता है, लेकिन यहां कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी और देश का अपमान किया। राहुल गांधी ने अबोध बालक की तरह काम किया। कांग्रेस पार्टी ने खुद को एक अर्बन नक्सल ग्रुप में बदल लिया, जिससे देश का अपमान हुआ।

गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। इससे बड़ा अपमान कुछ नहीं हो सकता है। जो लोग समर्थन कर रहे हैं कि ये युवा थे, इनका जो हाल होगा वो आने वाले दिनों में पता चलेगा।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दिल्ली बिहार डेवलपमेंट समिट 2026 में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा कैंपेन है। मेरा मानना ​​है कि जब गांव का विकास होता है, तो जिला और राज्य का विकास होता है। आज बिहार में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है। टेक्सटाइल सेक्टर में बड़ा बदलाव हो रहा है। बिहार तरक्की की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड को लेकर कहा कि इसमें तकनीक, संस्कृति और जनभागीदारी का सशक्त संगम देखने को मिला। एआई समिट के क्षेत्र में भारत के लिए एक टर्निंग प्वाइंट बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने तीन मेड इन इंडिया एआई मॉडल के लॉन्च और भारत मंडपम में वैश्विक नेतृत्व की उपस्थिति का उल्लेख किया।

अमूल के एआई आधारित डेयरी समाधान और सुश्रुत संहिता के डिजिटलीकरण के माध्यम से यह दिखाया गया कि भारत तकनीक से किसानों को सशक्त कर रहा है और प्राचीन ज्ञान को आधुनिक रूप दे रहा है। कई देशों के नेता, उद्योग जगत के लीडर्स और स्टार्टअप सेक्टर से जुड़े लोग इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के लिए भारत मंडपम में एकत्र हुए। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में एआई की शक्ति का उपयोग दुनिया किस प्रकार करेगी, इस दिशा में यह समिट एक महत्वपूर्ण टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ।