एआई समिट प्रदर्शन मामला : मनीष शर्मा को अग्रिम जमानत, शनिवार को पुलिस की पूछताछ में होंगे शामिल

0
6

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए ‘शर्टलेस प्रदर्शन’ मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने शुक्रवार को इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा को अग्रिम जमानत दे दी है।

अदालत ने निर्देश दिया है कि मनीष शर्मा शनिवार को पुलिस की पूछताछ में शामिल होंगे।

इससे पहले 14 मार्च को दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में अपनी दलीलें पेश करते हुए कहा था कि यह प्रदर्शन पूरी तरह राजनीतिक था और इसका एआई या सरकार की नीतियों से कोई सीधा संबंध नहीं था। पुलिस के अनुसार, यह विरोध एक सुनियोजित साजिश के तहत किया गया था।

पुलिस ने अदालत को बताया कि दिल्ली में आयोजित इस एआई समिट में 100 से अधिक देशों ने हिस्सा लिया था, जिनमें 92 देश और यूरोपीय संघ के सदस्य भी शामिल थे। यह अपनी तरह का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय एआई आयोजन था। पुलिस का आरोप है कि इस प्रदर्शन का मकसद इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की छवि को खराब करना था।

जांच एजेंसी ने मनीष शर्मा को इस पूरे मामले का मुख्य साजिशकर्ता और ‘फ्रंट मैन’ बताया है। पुलिस के मुताबिक, वह यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी हैं और प्रदर्शन की पूरी योजना उनके निर्देश पर तैयार की गई थी। पुलिस ने यह भी दावा किया कि प्रदर्शन से पहले चायोज रेस्तरां में एक बैठक हुई थी, जिसकी सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद है।

इसके अलावा, पुलिस के अनुसार मनीष शर्मा ने सिद्धार्थ अवधूत को फोन कर बुलाया था और यूथ कांग्रेस के भीतर भी इसको लेकर कई बैठकें हुई थीं।

घटना के दिन हाई सिक्योरिटी एरिया में कुल 12 लोग मौजूद थे, जिनमें से 9 लोगों ने शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके से 4 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। पुलिस ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

यह प्रदर्शन फरवरी में भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान हुआ था।