दिसपुर, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एआईआईएमएस) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एआईएमएस) गुवाहाटी ने मेडिकल सुपरिटेंडेंट समेत विभिन्न 20 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एआईएमएस गुवाहाटी ने जिन 20 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सुपरिटेंडेंट इंजीनियर, रजिस्ट्रार, असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, असिस्टेंट स्टोर ऑफिसर, लाइब्रेरियन ग्रेड-I, प्राइवेट सेक्रेटरी, पर्सनल असिस्टेंट, प्रिंसिपल (एस) का पर्सनल असिस्टेंट (पीए) और स्वच्छता अधिकारी का 1-1; नर्सिंग सुपरिटेंडेंट, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर और फार्मासिस्ट ग्रेड-I के 2-2; और उच्च श्रेणी क्लर्क के 4 पद शामिल हैं।
एम्स गुवाहाटी की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 13 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार ग्रेजुएशन, एमबीबीएस या डिप्लोमा होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय वर्षों का अनुभव होना भी आवश्यक है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 56 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 13 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन पात्रता मानदंडों के आधार पर आवेदन की जांच, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 25,500 से 2,18,200 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एम्स गुवाहाटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘प्रशासनिक अधिकारी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, गुवाहाटी, चांगसारी, कामरूप, असम – 781101’ पते पर डाक के माध्यम से भेज दें।

