कोलकाता, 4 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदकर न्यूजीलैंड ने खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। बुधवार को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल-1 में शानदार जीत के बाद कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने टीम के इस प्रदर्शन को काफी संतोषजनक बताया है।
जीत के बाद मिचेल सेंटनर ने कहा, “इस मुकाबले को जीतकर वाकई अच्छा लगा। जब आप देखते हैं कि साउथ अफ्रीका कितनी मजबूत टीम है, तो ऐसे अहम मुकाबले में इस तरह का प्रदर्शन करना काफी संतोषजनक होता है।”
न्यूजीलैंड को सुपर-8 के अपने अंतिम मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन नेट रन रेट में पाकिस्तान से आगे होने की वजह से कीवी टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई।
योजना और पिछली हार से वापसी पर कीवी कप्तान ने कहा, “मेरा मानना है कि हर बार जब आप मैदान पर उतरते हैं और हारते हैं, तो उससे कुछ न कुछ सीखते हैं। आज हमारा फोकस लगातार दबाव बनाए रखने पर था, जब आप नियमित अंतराल पर विकेट लेते हैं, तो बल्लेबाजी करना मुश्किल हो जाता है।”
कप्तान ने पावरप्ले में कोल मैककोन्ची (9/2) को गेंद सौंपी, जिन्होंने अपने पहले ही ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर विकेट निकालकर साउथ अफ्रीका को दबाव में ला दिया।
मिचेल सेंटनर ने कहा, “शुरुआती दो ओवरों के लिए एक तय योजना थी और उसके बाद गेंदबाजों को खुली छूट थी। फिर जब देवाल्ड ब्रेविस बल्लेबाजी के लिए आए, तो हमें पता था कि उन्हें स्पिन पसंद है, लेकिन हमने सोचा कि गेंद को उनसे दूर रखना बेहतर रहेगा।”
साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने टिम सीफर्ट और फिन एलन के बीच पहले विकेट के लिए 117 रन साझेदारी की बदौलत 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
टिम सीफर्ट 33 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 58 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि फिन एलन ने 33 गेंदों में 8 छक्कों और 10 चौकों के साथ नाबाद 100 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाजों की तारीफ में कीवी कप्तान ने कहा, “यह खास था, सच कहूं तो इस साझेदारी को देखना बहुत अच्छा लगा। 170 रन के टारगेट से हम काफी खुश थे, लेकिन टी20 में कुछ भी हो सकता है। पावरप्ले में विकेट मिल जाते तो चुनौती और बढ़ जाती, लेकिन उन्होंने (एलन-सीफर्ट) आक्रामक खेल दिखाया। फिन ने शानदार लय को जारी रखा। 33 गेंदों में शतक बुरा नहीं है।”
कीवी टीम 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी मैच खेलेगी, जिससे पहले मिचेल सेंटनर ने कहा, “अगर हम ऐसा दोहरा पाएं तो अच्छा होगा। अगला मैदान अलग है, कहीं लाल मिट्टी, कहीं काली मिट्टी, कई तरह के कारक होते हैं। यह कुल मिलाकर शानदार प्रदर्शन था। मुझे नहीं पता कि यह परफेक्ट गेम था या नहीं, लेकिन पहले हम कुछ हिस्सों में अच्छे रहे हैं। आज हम पूरे मैच में अच्छे रहे।”

