लखनऊ, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय निषाद ने अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में बने संघर्ष विराम पर प्रतिक्रिया देते हुए दोनों देशों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भले ही यह सहमति थोड़ी देर से बनी है, लेकिन पूरी दुनिया को अमेरिका के वर्चस्व के खिलाफ खड़ा होना चाहिए।
मंत्री संजय निषाद ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि हर देश का अपना लोकतंत्र और अपनी संप्रभुता होती है, इसे खतरे में क्यों डाला जाए?
मंत्री ने यह भी कहा कि विश्व समुदाय को रचनात्मक रूप से हस्तक्षेप करना चाहिए क्योंकि देशों की आपसी निर्भरता बढ़ती जा रही है और जब संघर्ष पैदा होता है, तो इससे केवल प्रभावित देशों को ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को संकट का सामना करना पड़ता है।
संजय निषाद ने कहा कि दोनों देशों को अब विकास पर ध्यान देना चाहिए। लड़ाई करने से कोई हल नहीं निकलता बल्कि वहां के लोगों को परेशानी होती है। बातचीत और समझौते से ही समाधान संभव है। देशों को अपने विकास पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब देश आपसी निर्भरता में रहता है तो कभी-कभी मूल्य वृद्धि होना स्वाभाविक है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध के समय कुछ वस्तुओं के दाम बढ़ रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार की योजनाओं की वजह से जनता को कोई गंभीर समस्या नहीं हुई। देश में जैसे-जैसे सामानों की उपलब्धता बढ़ रही है, सरकार दाम घटाने के प्रयास कर रही है।
संजय निषाद ने कहा कि पहले की सरकारें दाम बढ़ने के बाद उसे कम करने पर ध्यान नहीं देती थीं, जिससे जनता को परेशानी होती थी। लेकिन, वर्तमान भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए मंत्री संजय निषाद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर के जरिए गलत लोगों का नाम मतदाता सूची से निकाल दिया गया है। अब वहां शांति और निष्पक्ष चुनाव होने वाला है। जनता टीएमसी से परेशान है, इसीलिए उसने भाजपा को सत्ता सौंपने का मन बना लिया है, यह ममता सरकार को भी पता है, इसीलिए वह लोगों में गलतफहमी फैला रही है।

