नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की विशेष अदालत (पीएमएलए/एफईओए) ने 6 फरवरी को पारित आदेश में अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर करण ए. चनाना और कंपनी की होल टाइम डायरेक्टर अनीता डिंग को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया है।
अदालत ने आरोपियों की 123.85 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त करने का भी आदेश दिया है। यह घोषणा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), गुरुग्राम जोनल कार्यालय द्वारा दायर उस आवेदन के आधार पर की गई, जिसमें दोनों को एफईओए के तहत घोषित करने की मांग की गई थी।
ईडी ने बताया कि हाल ही में इंटरपोल ने उसके अनुरोध पर करण ए. चनाना के खिलाफ सिल्वर नोटिस जारी किया है, ताकि दुनियाभर में उनकी संपत्तियों का पता लगाकर उन्हें फ्रीज किया जा सके। यह कार्रवाई विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गई जांच का हिस्सा है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), बैंक सिक्योरिटीज एंड फ्रॉड ब्रांच (बीएसएंडएफबी), नई दिल्ली ने मामला दर्ज किया था। आरोप है कि अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने अपने निदेशकों, प्रमोटरों, कर्मचारियों और अन्य सहयोगियों के माध्यम से फंड की हेराफेरी, डायवर्जन, आपराधिक न्यासभंग, धोखाधड़ी और छल जैसे अपराध किए, जिससे केनरा बैंक के नेतृत्व वाले बैंकों के समूह को लगभग 1201.85 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
अमीरा फूड्स ग्रुप ब्रांडेड पैकेज्ड फूड, विशेषकर भारतीय बासमती चावल के निर्माण और विपणन के कारोबार से जुड़ा रहा है। ईडी की जांच में सामने आया कि कंपनी ने केनरा बैंक के नेतृत्व वाले बैंक कंसोर्टियम से लगभग 1201.85 करोड़ रुपए के बड़े बैंक लोन और कैश क्रेडिट सुविधाएं ली थीं, जो वर्ष 2017 में एनपीए घोषित हो गईं। जांच के दौरान मनी लॉन्ड्रिंग में संलिप्त व्यक्तियों और कंपनियों की पहचान की गई।
ईडी के मुताबिक, अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके प्रमोटरों, शेयरहोल्डरों और निदेशकों ने कथित रूप से धन शोधन का अपराध किया है। इस मामले में 21 व्यक्तियों, कंपनियों और अन्य इकाइयों के खिलाफ अभियोजन शिकायत दायर की जा चुकी है।
ईडी की जांच में अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान भी की गई है। अब तक कुल 131.51 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं, जिसकी पुष्टि सक्षम निर्णायक प्राधिकरण (एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी) द्वारा की गई है। एफईओए के तहत की गई जांच में यह भी सामने आया है कि करण ए. चनाना और अनीता डिंग भारत छोड़कर विदेश में रह रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, करण यूनाइटेड किंगडम और अनीता डिंग यूनाइटेड अरब अमीरात में निवास कर रही हैं। आरोप है कि दोनों भारतीय अदालतों के अधिकार क्षेत्र से बाहर रहकर कानूनी प्रक्रिया से बचने का प्रयास कर रहे हैं।
आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) और लुक-आउट सर्कुलर जारी किए गए हैं। करण ए. चनाना की विदेशी संपत्तियों समेत अन्य परिसंपत्तियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। साथ ही, चनाना और उनके परिवार के सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। ईडी ने संकेत दिया है कि मामले में आगे और कार्रवाई की संभावना है।

