मुंबई, 16 मार्च (आईएएनएस)। 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स समारोह में लॉस एंजेलिस के प्रतिष्ठित डॉल्बी थिएटर में कलाकारों की मेहनत और प्रतिभा को सम्मान मिला। इस समारोह में अमेरिकी अभिनेत्री एमी मैडिगन को फिल्म ‘वेपन्स’ में बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का ऑस्कर मिला और हॉलीवुड अभिनेता सीन पेन को पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ में शानदार परफॉर्मेंस के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का ऑस्कर अवॉर्ड दिया गया।
एकेडमी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एमी मैडिगन की जीत की घोषणा करते हुए लिखा, “फिल्म ‘वेपन्स’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का ऑस्कर जीतने पर एमी मैडिगन को बधाई।”
फिल्म ‘वेपन्स’ में एमी ने एक महत्वपूर्ण सपोर्टिंग रोल निभाया, जिसमें आलोचकों ने उनकी परफॉर्मेंस की खूब तारीफ की, क्योंकि उनका किरदार फिल्म की तनावपूर्ण और मनोवैज्ञानिक कहानी को मजबूती देता है। ‘वेपन्स’ अवॉर्ड्स सीजन में काफी चर्चित रही थी। दशकों से कैरेक्टर रोल्स निभाने वाली एमी को इस अवॉर्ड ने इंडस्ट्री में उनके योगदान की सच्ची पहचान दी। यह उनके करियर के बाद के दौर में एक बड़ा सम्मान है, जो कई दिग्गज कलाकारों को मिलता है।
वहीं, पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर सीन पेन की जीत की घोषणा करते हुए एकेडमी ने लिखा, “‘ऑपरेशन पूरा हुआ। फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ के लिए सीन पेन को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर (सहायक अभिनेता) का ऑस्कर जीतने पर बधाई।”
फिल्म में सीन पेन ने कर्नल स्टीवन जे. लॉकजॉ का किरदार निभाया, जो एक जटिल और विवादास्पद पात्र है। उनके वैचारिक टकराव कहानी को आगे बढ़ाते हैं। आलोचकों ने उनकी गहराई और शानदार अभिनय की जमकर प्रशंसा की।
बता दें कि यह पेन का तीसरा एकेडमी अवॉर्ड था और सपोर्टिंग कैटेगरी में उनकी पहला ऑस्कर है। इससे पहले उन्हें दो फिल्मों के लिए अवॉर्ड मिल चुका है, जिनमें ‘माइस्टिक रिवर’ और ‘मिल्क’ शामिल हैं। खास बात यह है कि सीन पेन इस सेरेमनी में शामिल नहीं हुए। उनकी तरफ से प्रेजेंटर कीरन कल्किन ने अवॉर्ड लिया।
यह समारोह लॉस एंजेलिस के हॉलीवुड स्थित डॉल्बी थिएटर में 15 मार्च 2026 को हुआ। मेजबानी कॉमेडियन और लेट-नाइट होस्ट कॉनन ओ’ब्रायन ने की, जिन्होंने 2025 के शो की भी मेजबानी की थी। प्रियंका चोपड़ा भी इस बार प्रेजेंटर के रूप में शामिल हुईं।

