असमय बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, जेवर विधायक ने सीएम योगी से मांगी त्वरित राहत

0
5

ग्रेटर नोएडा, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। जनपद गौतमबुद्धनगर सहित एनसीआर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही असमय वर्षा और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। रबी सीजन की तैयार खड़ी फसलें बड़े पैमाने पर बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

इस स्थिति को लेकर जेवर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है। विधायक द्वारा 4 अप्रैल को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि गौतमबुद्धनगर जनपद और एनसीआर क्षेत्र में हाल ही में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण गेहूं, सरसों तथा अन्य रबी की फसलें व्यापक स्तर पर नष्ट हो गई हैं। इससे किसानों की सालभर की मेहनत पर गंभीर असर पड़ा है और कई परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

विधायक ने अपने पत्र में लिखा है कि यह प्राकृतिक आपदा किसानों के लिए बेहद कठिन समय लेकर आई है। अनेक किसानों की पूरी फसल बर्बाद हो चुकी है, जिससे उनके परिवार के भरण-पोषण और आगामी कृषि कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ऐसे में सरकार की ओर से त्वरित सहायता बेहद जरूरी है।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और वास्तविक नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने राहत वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा उन्होंने आवश्यकता के अनुसार विशेष राहत पैकेज घोषित करने की भी मांग की है, जिससे प्रभावित किसानों को अतिरिक्त सहयोग मिल सके और वे इस संकट से उबर सकें।

विधायक ने विश्वास जताया कि सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से किसानों को राहत मिलेगी और उनका मनोबल बना रहेगा। इस संबंध में विधायक ने जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर को भी पत्र की प्रति भेजी है, जिसमें निर्देश दिया गया है कि मौके पर पहुंचकर तत्काल सर्वे कार्य शुरू किया जाए और किसानों की हर संभव मदद सुनिश्चित की जाए।

बता दें कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने इस बार पूरे एनसीआर क्षेत्र में किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे फसल उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।