असम और बंगाल में भाजपा सरकार बनाएगी: शगुन परिहार

0
6

किश्तवाड़, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। असम और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर जहां तमाम राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में जम्मू-कश्मीर से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने दावा कर दिया है कि भाजपा दोनों जगहों पर सरकार बनाने जा रही है।

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के एक बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि अगर ममता बनर्जी की राजनीति लोगों के खून से चलती है, तो मैं यह साफ कर देना चाहती हूं कि भाजपा बंगाल और असम विधानसभा चुनाव जीतेगी।

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए शगुन परिहार ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा परिवारवाद की राजनीति रही है। पीएम मोदी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं। उन्हें पता है कि गरीबी क्या होती है, इसीलिए वे लगातार गरीबों को उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना सहित अन्य लाभकारी योजना लाए। राहुल गांधी कभी गरीबों का दर्द नहीं समझ सकते हैं, क्योंकि वे चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए।

महिला आरक्षण बिल पर शगुन परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास के लिए बहुत कुछ किया है और मेरा मानना ​​है कि महिलाओं की भागीदारी भी उस विजन का एक अहम हिस्सा है जिसे वह आगे बढ़ा रहे हैं। उनके नेतृत्व में, 2047 तक एक विकसित भारत का सपना पूरा होगा और इसमें महिलाएं अहम भूमिका निभाएंगी। हम प्रधानमंत्री के इस फैसले से बहुत खुश हैं।

महिला आरक्षण बिल पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने जो कुछ भी कहा है, उसे पूरा किया है। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लाकर भाजपा ने राज्य विधानसभाओं और संसद में 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित किया है। हमने लोगों से वादा किया था कि इसे 2029 तक लागू कर दिया जाएगा। मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देती हूं कि उन्होंने इस विजन को आगे बढ़ाने और इस अधिनियम को लागू करने के लिए इस महीने संसद का विशेष सत्र बुलाया है।

बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल अब निर्णायक परिवर्तन के लिए तैयार है। यही जनविश्वास पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों में भाजपा की प्रचंड विजय का आधार बनेगा।