असम में भाजपा लगाएगी प्रचंड जीत की हैट्रिक: अनिल बलूनी

0
5

गुवाहाटी, 21 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं लोक सभा सांसद ने असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की मीडिया-संबंधित रणनीति को और धार देते हुए शनिवार को गुवाहाटी में भाजपा की एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने असम के पार्टी प्रवक्ताओं एवं पैनलिस्टों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से मीडिया में रखते और पुरजोर तरीके से कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति की पोल खोलने की अपील की।

अनिल बलूनी ने कहा कि प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ असम में जीत की रिकॉर्ड हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कहा कि असम की जनता ने कांग्रेस की तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति को सिरे से खारिज कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी एवं निर्णायक नेतृत्व में जारी विकसित भारत की यात्रा को और सशक्त बनाने का मन पहले ही बना लिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम ने विकास की नई कहानी लिखी है। असम आज पूर्वोत्तर में डेवलपमेंट का गेटवे बन रहा है। डबल इंजन की सरकार में असम ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुच्चेरी और केरल में चुनाव का बिगुल बजते ही भाजपा ने इन राज्यों में मीडिया रणनीति को और सशक्त बनाने के लिए ताबड़तोड़ मीडिया कार्यशालाएं आयोजित कर प्रदेश प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों को चुनाव के दौरान पार्टी का पक्ष कारगर तरीके से रखने एवं विपक्ष को तथ्यों के आधार पर जोरदार काउंटर करने के लिए निर्देश दिए हैं। केरल, तमिलनाडु और पुडुच्चेरी में पहले ही मीडिया कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। शुक्रवार को कोलकाता में बंगाल भाजपा की मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई थी और इसी क्रम में शनिवार को गुवाहाटी में भी पार्टी की मीडिया कार्यशाला आयोजित हुई।