अयोध्या, 1 फरवरी (आईएएनएस)। संसद में रविवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया। इस बजट से उन लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिला है, जो महंगी दवाइयों के कारण इलाज कराने में असमर्थ थे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की कि 17 जरूरी दवाओं के आयात पर छूट (इंपोर्ट ड्यूटी में राहत) दी जाएगी। इससे सबसे ज्यादा लाभ कैंसर और डायबिटीज से जूझ रहे लोगों को होगा।
आम बजट को अयोध्या में रहने वाले व्यापारियों ने सराहा है। व्यापारियों का मानना है कि यह बजट ‘विकसित भारत’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कुछ व्यापारियों ने आईएएनएस से बातचीत की।
एक युवा ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 वाकई में ‘विकसित भारत’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश किया, जो पीएम मोदी के नेतृत्व में युवा शक्ति, समावेशी विकास और स्वास्थ्य क्षेत्र पर फोकस करता है। 17 जरूरी दवाओं के आयात पर छूट दी जाएगी। जिससे दवाइयां काफी सस्ती हो जाएंगी, खासकर उन मरीजों के लिए जो महंगी इम्पोर्टेड दवाओं पर निर्भर थे। बजट में तीन नए ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद स्थापित करने की घोषणा की गई है। यह आयुर्वेद को मजबूत बनाने और ट्रेडिशनल मेडिसिन को प्रमोट करने का बड़ा कदम है। यह बजट सभी वर्गों, गरीब, किसान, युवा, व्यापारी और स्वास्थ्य, से जुड़े लोगों का ध्यान रखता है।
व्यापार मंडल अयोध्या से जुड़े पंकज गुप्ता ने कहा कि यह सराहनीय और समावेशी बजट है। पीएम मोदी के विजन को आगे बढ़ाने वाला यह प्रयास स्वास्थ्य, आयुर्वेद और विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
अश्विनी कुमार गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री ने बजट पेश किया है। इस बजट से भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा। डायबिटीज और कैंसर जैसी बीमारियों के लिए दवाइयां सस्ती हुई हैं। अयोध्या को भी लाभ होगा। किसानों के विकास के लिए बहुत अच्छा बजट है। अयोध्या के व्यापार मंडल से पीएम मोदी को धन्यवाद।
नंद लाल गुप्ता ने कहा कि छोटे से लेकर सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। बहुत ही सराहनीय बजट है। कैंसर के मरीजों को बहुत लाभ होगा। गरीब जो इलाज नहीं करा पाते थे, अब वे इलाज करा पाएंगे। उन्हें बहुत फायदा होगा। वित्त मंत्री ने जो बजट पेश किया है, उसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। व्यापारियों के लिए भी यह बजट बहुत अच्छा है।

