अयोध्या, 14 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो की धरती पर टी-20 विश्व कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर अयोध्या के साधु-संतों ने दावा किया है कि भारत हर बार की तरह इस बार भी पाकिस्तान को हराएगा।
कुलदीप दास महाराज ने कहा कि भारतीय टीम कोलंबो में पाकिस्तान के साथ मैच खेलेगी। भारतीय क्रिकेट फैंस की नजर मैच पर रहेगी और हम आशा करते हैं कि भारत इस मैच को जीतेगा। भारतीय टीम काफी मजबूत है और टूर्नामेंट में भारत ने अपने शुरुआती दोनों मैच में जीत हासिल की है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक बार फिर हमारे सामने है और एक बार फिर भारतीय टीम पाकिस्तान को हराएगी। टीम इंडिया कोलंबो में पाकिस्तान को चारों खाने चित कर देगी। इसके बाद देशभर में खुशियां मनाई जाएंगी। हनुमान जी हमारे भारतीय खिलाड़ियों को बल और साहस प्रदान करेंगे, और निश्चित ही हमारी जीत होगी।
कुलदीप दास महाराज ने सीएम योगी आदित्यनाथ के ‘हर व्यक्ति शंकराचार्य नहीं हो सकता’ वाले बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने जो बयान शंकराचार्य को लेकर दिया है, उसके पक्ष में सभी संत हैं। शंकराचार्य का मतलब होता है कि जनता और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह से पीड़ा न दें, उनकी व्यवस्था में बाधा न डालें।
कुलदीप दास महाराज ने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती वही करते हैं, जो समाजवादी पार्टी उनसे करने के लिए कहती है। वे लगातार विरोध करते हैं, विवाद करते हैं।
बता दें कि टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के साथ मुकाबला खेलने के लिए भारतीय टीम कोलंबो पहुंच चुकी है। इस मैच का देशभर के क्रिकेट फैंस को इंतजार है। हालांकि, हाल ही में जब पाकिस्तान ने भारत के साथ खेलने से इनकार किया तो क्रिकेट फैंस मायूस भी हुए थे। लेकिन, अब दोनों टीम मैच खेलने के लिए तैयार हैं।
भारतीय टीम काफी मजबूत है। सलामी बल्लेबाजी से लेकर मिडिल ऑर्डर तक सभी बल्लेबाज लय में हैं। वहीं, गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

