बलौदाबाजार में बोर्ड परीक्षा की उलटी गिनती शुरू, जिले में 27 हजार से अधिक विद्यार्थी देंगे एग्जाम

0
5

बलौदाबाजार, 16 फरवरी (आईएएनएस)। हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2025-26 को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने बताया कि इस वर्ष जिले के कुल 27,260 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 10वीं के 16,187 और 12वीं के 11,073 परीक्षार्थी शामिल हैं। प्रशासन ने परीक्षा के निष्पक्ष और सुचारु संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, 12वीं बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक चलेगी, जबकि 10वीं बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षाएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कराई जाएंगी। परीक्षा नजदीक आने के साथ विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

परीक्षा सामग्री का वितरण 16 फरवरी से शुरू कर दिया गया है। पहले दिन बलौदाबाजार से 23 और कसडोल से 30 परीक्षा केंद्रों के लिए सामग्री वितरित की गई। सामग्री का वितरण पंडित चक्रपाणि शुक्ला स्वामी आत्मानंद स्कूल से कड़ी सुरक्षा और निगरानी में किया जा रहा है। केंद्राध्यक्षों को प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाएं, प्रवेश पत्र, उपस्थिति पत्रक और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए जा रहे हैं।

इस वर्ष जिले में कुल 119 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार, केंद्रों का निर्धारण विद्यार्थियों की संख्या और भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को अधिक दूरी तय न करनी पड़े। इस वर्ष जिले के 129 विद्यार्थियों को बोनस अंक दिए जाएंगे। इनमें खेलकूद और स्काउट-गाइड गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी शामिल हैं।

खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 64 विद्यार्थियों को बोनस अंक मिलेंगे, जिनमें 10वीं के 26 और 12वीं के 38 विद्यार्थी शामिल हैं।

स्काउट-गाइड गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 65 विद्यार्थियों को भी बोनस अंक दिए जाएंगे, जिनमें 10वीं के 42 और 12वीं के 23 विद्यार्थी शामिल हैं।

राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को 10 अंक और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को 15 अंक तक बोनस दिया जाता है।

परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर उड़नदस्ता दल तैनात रहेगा। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा। प्रश्नपत्रों को सीलबंद लिफाफों में सुरक्षित रखा गया है और निर्धारित समय से पहले खोलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। प्रवेश पत्र साथ रखना और निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा।

बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाती है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

अब 20 और 21 फरवरी से शुरू होने वाली इन परीक्षाओं में जिले के हजारों विद्यार्थियों की मेहनत और सपनों की असली परीक्षा होगी।