पटना, 8 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सीएम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का अपमान इसीलिए किया है क्योंकि वे आदिवासी समाज से आती हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कार्यक्रम स्थल के बदलने को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद से भाजपा ममता बनर्जी पर हमलावर है।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि ममता बनर्जी राष्ट्रपति का अपमान सिर्फ इसलिए कर रही हैं क्योंकि वह आदिवासी समुदाय से आती हैं। ममता बनर्जी को बर्दाश्त नहीं है कि आदिवासी समाज की महिला कैसे राष्ट्रपति बनीं। उनके बारे में इस तरह की बयानबाजी करना और उनके प्रोटोकॉल में शामिल न होना उनकी मानसिकता का परिचय देता है। उनसे बर्दाश्त नहीं हो रहा है कि ओडिशा की एक शिक्षिका कैसे राष्ट्रपति बनी। भारत की जनता राष्ट्रपति के अपमान का बदला ममता बनर्जी को जरूर सिखाएगी।
उन्होंने एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और आदिवासी समाज की भावनाओं की अनदेखी बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार ने मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ दी हैं। राष्ट्रपति का पद राजनीति से ऊपर है; इसकी गरिमा का सम्मान हर हाल में होना ही चाहिए। ममता बनर्जी ने निकृष्ट राजनीति पेश कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को तार-तार कर दिया है।
सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में प्रवेश पर भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि सभी को राजनीति में आने की छूट है। पढ़े-लिखे लोगों को राजनीति में आना चाहिए। इससे राजनीति का वैचारिक स्तर और अच्छा होता है। राजनीति में अच्छे लोगों का स्वागत है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि परिवार से लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण तक हर क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका प्रेरणादायी और अतुलनीय रही है। आइए, इस अवसर पर हम सभी नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत करें। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर समस्त माताओं, बहनों एवं बेटियों को हार्दिक शुभकामनाएं।

