बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने किया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान, तस्कीन-मुशफीकुर को झटका

0
8

ढाका, 20 फरवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अगले सीजन के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है। तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम को नए कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा झटका लगा है। दोनों अनुभवी खिलाड़ियों का डिमोशन हुआ है।

सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में इस बार किसी भी खिलाड़ी को ए प्लस कैटेगरी में नहीं रखा गया है। पिछले सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में तस्कीन अहमद इकलौते खिलाड़ी थे, जिन्हें ए प्लस कैटेगरी में शामिल किया गया था। इस साल उन्हें नजमुल हुसैन शान्तो, मेहदी हसन मिराज और लिटन दास के साथ ए कैटेगरी में रखा गया है।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को चार कैटेगरी में बांटा है। ग्रेड-ए में कुल चार खिलाड़ियों को जगह दी गई है। ग्रेड-ए में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को 8 लाख बांग्लादेशी टका मिलता है।

ग्रेड-बी में कुल मिलाकर 11 खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जिसमें मुशफिकुर रहीम का नाम भी शामिल है। पिछले साल वनडे क्रिकेट से रिटायर होने की वजह से मुशफिकुर को नुकसान झेलना पड़ा है। इसके अलावा मोमिनुल हक, तैजुल इस्लाम, मुस्ताफिजुर रहमान, तौहीद हिरदॉय, तंजीद हसन, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, और नाहिद राणा को रखा गया है। ग्रेड-बी के खिलाड़ियों को 6 लाख बांग्लादेशी टका मिलता हैं।

शादमान, तंजीद, रिशाद और मेहंदी हसन को ग्रेड-सी से बी में प्रमोट किया गया है।

ग्रेड-सी में सौम्या सरकार, जाकेर अली, शोरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन, नसुम अहमद और खालिद अहमद को जगह दी गई है। ग्रेड-डी में कुल 7 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। ग्रेड-सी में रहने वाले खिलाड़ियों को 4 लाख बांग्लादेशी टका मिलता है। वहीं, ग्रेड-डी के खिलाड़ियों को 2 लाख बांग्लादेशी टका मिलता है।

ग्रेड-ए: मेहदी हसन मिराज, लिटन दास, नजमुल हुसैन शांतो, तस्कीन अहमद

ग्रेड-बी: मोमिनुल हक, तैजुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, मुशफिकुर रहीम, तौहीद हिरदॉय, शादमान इस्लाम, तंजीद हसन, रिशाद हुसैन, मेहंदी हसन, हसन महमूद और नाहिद राणा

ग्रेड-सी: सौम्य सरकार, जाकेर अली, शोरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन, नसुम अहमद, खालिद अहमद

ग्रेड-डी: सैफ हसन, परवेज हुसैन इमोन, तनवीर इस्लाम, नईम हसन, हसन मुराद, शमीम हुसैन और नूरुल हसन