ढाका, 14 फरवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश की पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि गुरुवार को हुए चुनाव के बाद शुक्रवार और शनिवार को एक बम धमाके और झड़प में तीन लोगों की मौत हो गई।
बांग्लादेशी मीडिया ने बताया कि चपैनवाबगंज जिले के सदर उपजिला के फाटापारा में शनिवार सुबह बम बनाते समय हुए धमाके में दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
इसी तरह के बमों का इस्तेमाल चुनाव वाले दिन दो पोलिंग सेंटरों पर किया गया। जिस तरह से इन पोलिंग बूथों पर बम धमाके किए गए और फिर शनिवार को भी धमाके की जानकारी सामने आई है, यह सुनियोजित तरीके से बम बनाने की ओर इशारा करती है।
जिस तरह से क्रूड बम बनाए जा रहे हैं, इसका कोई कनेक्शन आतंकी संगठनों से है या नहीं, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसी घटनाएं ना केवल देश के लिए सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा करती हैं, बल्कि यह पड़ोसी देशों की सुरक्षा में सेंध को लेकर भी सवाल खड़े करती है।
बांग्लादेश पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि फिलहाल धमाके में मारे गए लोगों की पहचान पता लगाने के लिए जानकारी हासिल की जा रही है।
चपैनवाबगंज सदर पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज नूर-ए-आलम ने बताया कि धमाका सुबह करीब 5 बजे फाटापारा में कलाम नाम के एक आदमी के घर पर हुआ, जब कुछ लोग बम बना रहे थे। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
घायलों की पहचान जलुर रहमान (20), मिन्हाज (22) और शुभो (22) के रूप में की गई है। घायलों को चपैनवाबगंज सदर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें राजशाही मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया।
चपैनवाबगंज पुलिस के अतिरिक्त सहायक अधीक्षक एनएम वसीम फिरोज ने बताया कि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिस घर में बम फटे, उसका एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया और घर की टिन की छत उड़ गई।
हालांकि, पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया क्योंकि घर का मालिक अपने परिवार के साथ मौके से भागने में कामयाब रहा।

