बारामती उपचुनाव में रोहित पवार ने सुनेत्रा पवार का किया समर्थन

0
5

बारामती, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर विधायक रोहित पवार ने सुनेत्रा पवार का समर्थन किया है। सुनेत्रा पवार अपना नामांकन पत्र दाखिल कर रही हैं और इस अवसर पर रोहित पवार ने सभी राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों से अपील की कि यह चुनाव निर्विरोध रहे।

रोहित पवार ने कहा, “यह चुनाव निर्विरोध हो, ऐसी हम सभी की इच्छा है। इसलिए नामांकन दाखिल करने वाले अन्य उम्मीदवारों और उनके दलों से हमारी विनती है कि वे इसे निर्विरोध बनाने में सहयोग करें। हमें विश्वास है कि वे हमारी अपील को समझेंगे और स्वीकार करेंगे।”

उन्होंने कहा कि शरद पवार गुट उपचुनाव में सुनेत्रा पवार के पक्ष में एकजुट है और वह राजनीतिक सहमति से चुनाव कराने की उम्मीद रखते हैं।

हालांकि, रोहित पवार ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर चुनाव निर्विरोध नहीं हो पाता है, तो वे मानकर चल रहे हैं कि अजित पवार ही इस चुनाव में भाग ले रहे हैं। उन्होंने बारामती के मतदाताओं से विशेष आग्रह किया कि वे सुनेत्रा पवार को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएं।

उन्होंने कहा, “आपका एक वोट ही अजित दादा को सच्चे अर्थों में श्रद्धांजलि होगा।”

बारामती उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने इस सीट से एडवोकेट आकाश विजयराव मेरे को टिकट दिया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से पत्र जारी कर एडवोकेट मोरे की उम्मीदवारी का ऐलान किया गया है। आकाश मोरे महाराष्ट्र कांग्रेस के सचिव हैं। उनके पिता विजयराव मोरे भी महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे हैं।

गौरतलब है कि पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट पवार परिवार का गढ़ मानी जाती है। शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी (एसपी) ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह परिवार की बहु सुनेत्रा के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारेगी। बारामती उपचुनाव की हलचल के बीच एक दिन पहले ही शरद पवार के आवास सिल्वर ओक पर हाई लेवल मीटिंग हुई थी।

इस उपचुनाव को लेकर जनता में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चुनाव निर्विरोध हो जाता है, तो यह शरद पवार परिवार और उनके समर्थकों की राजनीतिक ताकत का प्रतीक बनेगा। वहीं, अगर प्रतिस्पर्धा होती है, तो मतदाताओं की बड़ी भागीदारी सुनेत्रा पवार की जीत सुनिश्चित कर सकती है।