बंगाल चुनाव: बिप्लब देब ने टीएमसी पर साधा निशाना, बोले-ममता बनर्जी का व्यवहार अराजकता फैलाने वाला

0
5

कोलकाता, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा सांसद और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आईएएनएस से कहा कि ममता बनर्जी एक फैमिली बिजनेस चला रही हैं। वह नहीं चाहतीं कि लोग चुनाव में वोट करें। चुनाव आयोग पक्का कर रहा है कि लोग बाहर आकर वोट करें।

उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाना ममता बनर्जी का व्यवहार है। सुभेंदु अधिकारी के नामांकन में घटना घटी और मालदा में भी वैसी ही घटना घटी। ममता बनर्जी की ओर से किया गया पाप समाज को भुगतना पड़ रहा है। पश्चिम बंगाल के लोग ममता बनर्जी से मुक्ति चाहते हैं। इस बार के चुनाव में जनता वोट करने वाली है। टीएमसी समर्थक लोगों को मतदान नहीं करने देंगे, यही उनका तंत्र है। इस तंत्र को न्यूट्रल करने के लिए चुनाव आयोग काम कर रहा है, तो उनको दिक्कत हो रही है।

उन्होंने कहा कि मैंने पहली बार ऐसा नेता देखा जो जनता को वोट करते नहीं देखना चाहती। टीएमसी चाहती है कि जनता के बजाय गुंडों से वोट डलवाया जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था दुरुस्त करना मुख्यमंत्री का पहला काम होता है। ममता बनर्जी ने बंगाल में खुद ही कानून व्यवस्था स्थापित नहीं होने दिया। ममता बनर्जी खुद ही अराजकता फैलाती हैं। ममता बनर्जी की ही वजह से न्यायिक अधिकारियों के साथ घटना घटी।

चुनाव आयोग की कार्रवाई पर बिप्लब देब ने कहा कि कोई भी अधिकारी हो, कोई भी कर्मचारी हो, सरकारी पद पर काबिज होते हुए किसी भी पार्टी के लिए प्रचार में भाग लेगा तो कार्रवाई होना आवश्यक है। चुनाव आयोग ने जो किया, सही किया है। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव आयोग और संविधान पर विश्वास करता हूं। बंगाल की जनता इस बार निर्भय होकर मताधिकार का प्रयोग करे।

बिप्लब देब ने कहा कि मैं चाहता हूं कि बंगाल में भाजपा की सरकार बने और जनता के साथ न्याय हो। उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री जनता ने जो काम ममता बनर्जी को करने के लिए दिया, वो काम उन्होंने नहीं किया।