पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ है : मृत्युंजय तिवारी

0
8

पटना, 16 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता मृत्युंजय तिवारी ने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि आयोग ने चुनाव तिथियां घोषित कर दी हैं और यहां से भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ है, और चुनाव परिणाम इस बात को स्पष्ट कर देंगे।

राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने निर्वाचन आयोग द्वारा बंगाल में मुख्य सचिव और गृह सचिव को पद से हटाए जाने पर कहा कि चुनाव आयोग आचार संहिता लगने के बाद से हर वह हथकंडा अपना रहा है, जो किसी भी दृष्टिकोण से सही नहीं है। यह क्यों किया गया, यह सबको पता है। इससे पहले राज्यपाल को भी बदला गया। चाहे जितना जोर लगा लिया जाए, लेकिन ममता दीदी के प्रति बंगाल की जनता का जो स्नेह है, वह चुनाव परिणाम आने के बाद साफ दिखाई देगा।

राजद नेता के अनुसार, बंगाल की जनता का विश्वास ममता बनर्जी के साथ है, इसीलिए बंगाल में भाजपा की दाल नहीं गलने वाली है।

मृत्युंजय तिवारी ने एक बार फिर भाजपा पर धनतंत्र का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एनडीए और भाजपा हर चुनाव में धनतंत्र का प्रयोग करती हैं। मशीनरी तंत्र का प्रयोग करती हैं। जो भी वहां खरीद-फरोख्त की जा रही है, उसे जनता देख रही है। भाजपा लोकतंत्र कमजोर करने का प्रयास करती है। भाजपा को पारदर्शिता से जीत का भरोसा नहीं रहता है, जब तक वे छल, प्रपंच, धनबल का सहारा नहीं लेते और खरीद-फरोख्त नहीं करते, तब तक भाजपा और एनडीए के उम्मीदवार जीत ही नहीं सकते।

चुनाव की तारीखों पर कांग्रेस द्वारा सवाल उठाए जाने पर राजद नेता ने कहा कि चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। चुनाव आयोग ने जैसे ठान लिया है कि विपक्ष की बात को सुनना ही नहीं है। ऐसे में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल तो खड़े होते ही हैं।

बताते चलें कि चुनाव आयोग ने रविवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान हैं। नतीजों की घोषणा 4 मई को होगी।