भारत-पाकिस्तान मैच रोमांचक होगा, टीम इंडिया की जीत प्रबल दावेदार: किरण मोरे

0
10

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का मुकाबला खेला जाना है। इस मैच को लेकर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। आईएएनएस ने मैच से पहले कुछ पूर्व भारतीय क्रिकेटरों, क्रिकेट कोचों, युवा क्रिकेटरों और क्रिकेट फैंस से बातचीत की जिसमें उन्होंने मैच में भारत को जीत का मजबूत दावेदार बताया।

पूर्व क्रिकेटर और चयनकर्ता किरण मोरे ने कहा, “भारत-पाकिस्तान मैच अच्छा होगा। भारत-पाकिस्तान मैच पूरी दुनिया देखती है। मैच कोलंबो में हो रहा है। भारतीय टीम के जीतने का चांस 70 प्रतिशत है, जबकि पाकिस्तान का 30 प्रतिशत।”

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज नयन मोंगिया ने कहा, “टी20 फार्मेट में, एक गेंद पूरे मैच को बदल सकती है। हम लापरवाह नहीं हो सकते क्योंकि आप कभी भी पक्का नहीं हो सकते कि विरोधी टीम कब अच्छा खेलना शुरू कर देगी। हमें मैच में चोकन्ना रहना होगा।”

पूर्व क्रिकेटर कॉनर विलियम्स ने कहा, “आज का मैच बहुत मज़ेदार है। सब जानते हैं कि इंडिया एक अलग लेवल पर क्रिकेट खेल रहा है। हमारे कैप्टन, सूर्यकुमार यादव, अभी फॉर्म में हैं—वे आगे रहकर लीड कर रहे हैं। हार्दिक का ऑल-राउंड परफॉर्मेंस भी काम आएगा।”

रोहित शर्मा के कोच दिनेश लाड ने कहा, “भारत-पाकिस्तान मैच में भारत का पलड़ा भारी है। हमारे बल्लेबाज और गेंदबाज शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पाकिस्तान पर दबाव ज्यादा है। हम एक तरह से मैच जीत चुके हैं।”

उन्होंने कहा, “भारत-पाकिस्तान के बीच मैच को जंग की तरह दिखाया जाता है, लेकिन ऐसा नहीं है। आप लंबे समय से पाकिस्तान के खिलाफ हमारा प्रदर्शन देखिए। हमारे खिलाड़ियों को पता है कि कब क्या करना है। मैं किसी विशेष खिलाड़ी का नाम नहीं लूंग। सभी खिलाड़ी अच्छा कर रहे हैं।”

क्रिकेटर शिवम मावी के कोच फूलचंद शर्मा ने कहा, “यह महामुकाबला है। पूरी दुनिया इस मैच को देखती है। क्रिकेट को पसंद नहीं करने वाले भी भारत-पाकिस्तान मैच को देखते हैं। क्रिकेट के लिए अच्छा है कि पाकिस्तान ने भारत के साथ खेलने का फैसला लिया है। यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट के भविष्य के लिए अच्छा है। पाकिस्तान का भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार का फैसला ड्रामा था।”

शिवम दुबे के बचपन के कोच सतीश सामंत ने कहा, “भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हमेशा कुछ अलग लेकर आते हैं। अगर हम पिछले कुछ भारत-पाकिस्तान मैचों के नतीजे देखें, तो वे आम तौर पर हमारे पक्ष में रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि मैच में टॉस अहम होगा। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुनेगी। लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम के जीतने की संभावना ज्यादा है।

पूर्व रणजी क्रिकेटर यूसुफ बंभानिया ने कहा, “यह एक बहुत अच्छा गेम है और हमेशा दिलचस्प होता है, एक हाई-इंटेंसिटी मैच। दो देशों के बीच चल रहे टेंशन की वजह से खिलाड़ी अक्सर अपने नैचुरल फॉर्म में नहीं खेल पाते, जो कि स्पोर्ट्स का हिस्सा नहीं होना चाहिए। भारतीय टीम मजबूत है। इसकी तुलना पाकिस्तान के साथ नहीं हो सकती, लेकिन फिर टी20 में किसी टीम को कमजोर नहीं समझा जा सकता।”

श्रीनगर के युवा क्रिकेटर अजरार ने कहा, “भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर हम उत्साहित हैं। एशिया कप के बाद टी20 विश्व कप का हम बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। भारत-पाकिस्तान के बीच हमेशा टक्कर होती है। इस मैच का इंतजार हमें रहता है। भारत-पाकिस्तान दोनों टीमें अच्छा खेल रही हैं, इसलिए मैच देखने में बहुत आनंद आएगा।”

क्रिकेट कोच सुखविंदर सिंह बावा ने पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर कहा,”उनका एक्शन थोड़ा अलग है। दुनिया की किसी दूसरी टीम ने इस तरह की गेंदबाजी नहीं खेली है, लेकिन मुझे यकीन है कि टीम मैनेजमेंट ने भी इसी तरह प्रैक्टिस की होगी।”

दिल्ली के युवा क्रिकेटर जसमीत सिंह ने कहा, “भारतीय टीम बहुत मजबूत है। हम 100 प्रतिशत मैच जीतेंगे। हमने एशिया कप के दौरान पाकिस्तान के 3 रविवार खराब किए थे, 1 और करेंगे।”

कोलंबो में भारत-पाकिस्तान मैच देखने पहुंचे एक फैन ने कहा, “इस मैच के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं। मैंने अपने सारे टिकट पहले ही बुक कर लिए थे। मैं चार दिन पहले यहां आया था। मैच शाम को सात बजे से है, लेकिन मैं सुबह 11 बजे से यहां हूं। इस मैच से मुझे जो रोमांच मिलता है, वो कहीं और नहीं मिलता।”

राजस्थान के श्रीगंगानगर के एक क्रिकेटर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच सिर्फ मैच नहीं होता बल्कि फैंस की भावनाओं से जुड़ा होता है। मैच हमेशा टक्कर का होता है, लेकिन विश्व कप के मैचों में भारतीय टीम 7-1 से आगे चल रही है। हमें उम्मीद है कि मैच अच्छा होगा और भारतीय टीम जीतेगी।