मुंबई, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव स्टारर फिल्म ‘भूत बंगला’ का कॉमेडी और हॉरर से भरा ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर में राजपाल यादव, परेश रावल और अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग फैंस का दिल जीतने में कामयाब रही। इसी के साथ फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर पूरी स्टारकास्ट को देखा गया, जहां अक्षय कुमार और प्रियदर्शन ने बताया कि कैसे फिल्म ‘भूल-भुलैया’ से अलग है।
प्रियदर्शन और अक्षय कुमार करीब 18 साल बाद एक साथ काम कर रहे हैं। दोनों ने आखिरी बार फिल्म ‘भूल-भुलैया’ में काम किया था। अभिनेता और निर्देशक से सवाल किया गया कि फिल्म बाकी कॉमेडी फिल्मों, खासकर ‘भूल-भुलैया’ से कैसे अलग है। निर्देशक प्रियदर्शन ने कहा, दर्शकों ने ‘भूल-भुलैया’ में कॉमेडी और हॉरर देखा था, लेकिन भूत बंगला में कॉमेडी और हॉरर के साथ फैंटेसी भी है, मतलब भूत भी है। हमारे देश में बहुत सारे लोग हैं, जो आज भी भूतों पर मानते हैं और उनके मन में भूतों की अलग छवि है। उस फैंटेसी को पर्दे पर उतारने का काम किया गया है।
वहीं अक्षय कुमार ने कहा, प्रियदर्शन सर के साथ इतने सालों बाद वापस काम करना वनवास से लौटना जैसा है। आखिरी बार हमने भूल-भुलैया की थी और अब भूत बंगला लेकर आ रहे हैं। भूत बंगला में भूल-भुलैया से ज्यादा डर और हॉरर है। जो लोग भूतों को नहीं मानते, वो भी फिल्म को देखकर मान जाएंगे। उन्होंने पर्सनली कहा कि वो भूतों पर विश्वास करते हैं।
सेट के अनुभव को शेयर करते हुए अभिनेता ने बताया कि जहां प्रियदर्शन होते हैं, वहां कॉमेडी नहीं की जाती, बल्कि परिस्थितियां ऐसी बनाई जाती हैं कि खुद कॉमेडी हो जाती है। वहीं बदलते दौर के साथ कॉमेडी फिल्मों में आए बदलाव के सवाल पर परेश रावल ने कहा, “पहले कॉमेडी फिल्मों की स्क्रिप्ट अच्छी होती थी, लेकिन अब गिरावट आई है। अच्छी कॉमेडी फिल्में बनाने के लिए अच्छी स्क्रिप्ट की जरूरत है। मैंने प्रियदर्शन सर के साथ 19 फिल्मों में काम किया है और कॉमेडी कैसे होनी है, यह उनसे बेहतर कोई नहीं जानता।”
फिल्म 16 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और फिल्म का प्री-प्रीव्यू भी रखा गया है।

