भोपाल के निजी विश्वविद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, परिसर खाली कराया

0
6

भोपाल 19 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित पीपुल्स विश्वविद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद विश्वविद्यालय की इमारत को खाली करा लिया गया है और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय को मिले एक ईमेल में विश्वविद्यालय की इमारत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि विश्वविद्यालय की इमारत में सायनाइड बम रखे गए हैं, जिनमें धमाका होगा। इस ईमेल के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इमारत को खाली कराया और पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी।

पुलिस के मौके पर पहुंचकर विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों और स्टाॅफ को परिसर से बाहर कराया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस मामले में पुलिस और प्रबंधन की ओर से अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

छात्रों ने बताया है कि पहले उन्हें इमारत से बाहर गार्डन या खुले मैदान में जाने को कहा गया, तब तक वे विश्वविद्यालय परिसर के भीतर ही थे। विश्वविद्यालय परिसर में जहां पुलिस बल की तलाश कर रही है, वहीं परिसर में मौजूद लोगों को बाहर किया जा रहा है। अंदर जाने की किसी को अनुमति नहीं दी जा रही है।

विश्वविद्यालय परिसर के बाहर भारी भीड़ जमा है। पुलिस द्वारा ईमेल कहां से आया और करने वाले का पता किया जा रहा है। यह ईमेल प्रतिबंधित संगठन के नाम से भेजे जाने की बात कही जा रही है।

–आईएएनएस

एसएनपी/वीसी