नारायणपुर, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भूपेन बोरा ने दावा किया है कि असम में 100 से अधिक सीटों पर एनडीए को जीत मिलेगी। इस दौरान भूपेन बोरा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और गौरव गोगोई की आलोचना की।
भूपेन बोरा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “126 विधानसभा सीटों में से 24 सीटों पर भाजपा की स्थिति ज्यादा मजबूत नहीं है, लेकिन 102 सीटों पर पार्टी अच्छी स्थिति में है। 100 से अधिक सीटों पर भाजपा-एनडीए के उम्मीदवार जरूर जीतकर आएंगे।”
यूसीसी के विषय पर भाजपा नेता ने कहा, “लोगों को लगता है कि अल्पसंख्यक भाजपा को वोट नहीं देंगे, लेकिन महिलाएं हमेशा से यूसीसी के पक्ष में रही हैं और वे निश्चित रूप से वोट देंगी।”
इसी बीच, भूपेन बोरा ने कांग्रेस में अपने 32 साल के कार्यकाल का जिक्र किया और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मैं 32 साल तक कांग्रेस के साथ रहा और 13 साल तक असम कांग्रेस का अध्यक्ष रहा। उस समय राहुल गांधी यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष थे। व्यक्तिगत तौर पर मैं राहुल गांधी का सम्मान करता हूं, लेकिन जिस बात पर राहुल गांधी ने असम में राजनीति की है, उसे यहां की जनता स्वीकार नहीं करेगी।”
उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले गौरव गोगोई के नेतृत्व में एक रैली हुई, उसमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनता से सीधी बात की। उन्होंने बयान दिया कि जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो बांग्लादेशियों को जमीन और घर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असम में अवैध अतिक्रमण को हटाया, जिसे यहां की जनता ने समर्थन दिया। डेढ़ लाख बीघा सरकारी जमीन खाली कराई गई। इस जमीन पर इंडस्ट्री लानी है और बेरोजगारी की समस्या को दूर करना है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ है।”
भूपेन बोरा ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी को 21 चिट्ठियां लिखीं कि वे आने वाले सेमीकंडक्टर प्लांट के खिलाफ न जाएं, लेकिन कांग्रेस ने यही गलती की। सेमीकंडक्टर के विरुद्ध में मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने बयान दिया कि असम में इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है, इसलिए सेमीकंडक्टर प्लांट कर्नाटक में बनाया जाना चाहिए। असम कांग्रेस के नेता गौरव गोगोई ने खुद प्रियांक खड़गे का समर्थन किया। जब भाजपा असम में इंडस्ट्री ला रही है तो कांग्रेस को दूसरा मुद्दा उठाना चाहिए था।
भाजपा नेता ने आगे कहा, “राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया, लेकिन उनकी बगल में रकीबुल हुसैन बैठते हैं, जो वन मंत्री थे और जिन्होंने 400 से ज्यादा गैंडों को मरवा दिया था। मैंने राहुल गांधी से कहा था कि उन्हें पार्टी का चेहरा न बनाएं। आज भाजपा सत्ता में है, राज्य में एक भी गैंडा की हत्या नहीं हुई।”


