बिहार: एआईएमआईएम की इफ्तार पार्टी में शामिल हुए तेजस्वी यादव, अख्तरुल ईमान ने महागठबंधन को समर्थन देने की घोषणा की

0
5

पटना, 15 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए 16 मार्च को होने वाले मतदान को लेकर सरगर्मी बढ़ी हुई है। दोनों गठबंधनों में बैठकों और मंथन का दौर जारी है।

इस बीच, राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव रविवार को एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में रोजेदार भी उपस्थित रहे।

‎इफ्तार पार्टी के बाद राजद के नेता तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर हमें पूरा भरोसा है कि सभी धर्मनिरपेक्ष दल एकजुट होकर इस लड़ाई को लड़ेंगे। ‎उन्होंने कहा कि अख्तरुल ईमान की इफ्तार पार्टी में हम लोग शामिल होने पहुंचे हैं। यहां राज्यसभा चुनाव के लिए एआईएमआईएम से समर्थन मांगा है। हम सभी मिलकर भाजपा को परास्त करेंगे।

‎इधर, एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर कोई खास रणनीति नहीं है। विधायक को वोट देना है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि हमारे सभी पांच विधायक राजद और महागठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने का फैसला लिया है।

‎दरअसल, बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें इस बार खाली हो रही हैं और इन सीटों पर चुनाव होने जा रहा है। एनडीए ने राज्यसभा चुनाव में पांच, जबकि राजद ने एक प्रत्याशी उतारे हैं। 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 41 विधायकों का समर्थन चाहिए। अभी एनडीए के पास कुल 202 विधायक हैं। इसके आधार पर, एनडीए आसानी से चार सीटें जीत सकता है। चार सीटें जीतने के बाद भी उसके पास कुछ वोट बचे हैं, लेकिन पांचवीं सीट जीतने के लिए उन्हें अन्य विधायकों की जरूरत पड़ेगी।

‎इधर, विपक्ष राजद की अगुवाई वाला महागठबंधन है। महागठबंधन के पास कुल 35 विधायक हैं। इसे एक सीट पर जीत दर्ज करने के लिए अन्य विधायकों की जरूरत पड़ेगी। एआईएमआईएम के पास पांच, जबकि बसपा के पास एक विधायक है।

‎–आईएएनएस

‎एमएनपी/डीकेपी