पटना, 28 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच नए मुख्यमंत्री को लेकर कवायद तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को स्पष्ट किया कि प्रदेश का नया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बनेगा।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “बिहार में नई सरकार नहीं होगी। बिहार में अभी भी एनडीए की सरकार है और मुख्यमंत्री पद पर नीतीश कुमार हैं। वर्तमान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ही बिहार में कोई नए मुख्यमंत्री होंगे।”
उन्होंने मध्य-पूर्व में जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी की राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ की बैठक की सराहना की और कहा, “प्रधानमंत्री ने राष्ट्र की वर्तमान स्थिति और वैश्विक स्थिति के संदर्भ में सारे मुख्यमंत्रियों से बात की। उस सच्चाई को सभी को कबूलना चाहिए, लेकिन टीएमसी संघीय व्यवस्था और कानून को नहीं मानती। ममता बनर्जी खुद को बंगाल का प्रधानमंत्री मानती हैं, न कि मुख्यमंत्री। वो सिर्फ और सिर्फ राष्ट्र को पीछे और अपने वोट को आगे रखना चाहती हैं, चाहे उसके लिए बंगाल, बांग्लादेश ही क्यों नहीं बन जाएं। ममता बनर्जी की यही सोच है।”
गिरिराज सिंह ने गैस और ईंधन संकट को लेकर कहा, “लोगों को इस सच्चाई को कबूलना पड़ेगा कि हम भारत के अंदर कुछ चीजों को लेकर बाहरी देशों का सहारा लेते हैं। न हमारे पास पूर्ण रूप से तेल का उत्पादन है और न ही गैस का उत्पादन है। इस सच्चाई को कबूलने में किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। दुनिया का एक देश है, जो एलपीजी गैस यूज ही नहीं करता, सिर्फ इलेक्ट्रिक पर काम करता है। मेरे यहां ही 5 साल से सोलर लगा हुआ है और इंडक्शन चलाता हूं। लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था की ओर जाना पड़ेगा और सोचना पड़ेगा। यह देश सभी का है और सभी को मिलकर समस्या का निदान करना होगा।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा, “कांग्रेस के अंदर टिकट का बंटवारा कैसे होता है, यह सभी लोग जानते हैं। कांग्रेस पार्टी में टिकट का बंटवारा नहीं, बल्कि टिकट का बिकवाला होता है। कई दल ऐसे हैं, जो बड़ी शान के साथ ऑफ द रिकॉर्ड बोलते हैं कि मैं तो पार्टी छोड़ रहा हूं, जो लोकतंत्र की भाषा में सही नहीं है।”




