बिहार: मंत्री दीपक प्रकाश का ममता बनर्जी पर निशाना, बोले-पीएम को लेकर टिप्पणी बेतुकी

0
15

पटना, 22 मार्च (आईएएनएस)। बिहार दिवस के मौके पर प्रदेश सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने जहां प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हालिया बयानों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी।

दीपक प्रकाश ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “बिहार दिवस पर बिहार के सभी लोगों को, चाहे वे राज्य में हों या बाहर, हार्दिक शुभकामनाएं। सभी के जीवन में सुख और समृद्धि आए। हमें बिहार के गौरवशाली इतिहास को समझने और उससे प्रेरणा लेने की जरूरत है, ताकि हम बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।”

ममता बनर्जी द्वारा प्रधानमंत्री को ‘घुसपैठिया’ कहे जाने के सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “इस पर क्या जवाब दिया जा सकता है? यह बिल्कुल बेतुकी बात है।”

ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केंद्र पर मताधिकार छीनने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि जो बंगाल को टारगेट करे, वो जहन्नुम जाए। इस पर दीपक प्रकाश ने कहा कि अगर कोई भी प्रक्रिया संविधान और कानून के तहत की जाती है और उसे कोई छेड़छाड़ बताता है, तो इसका मतलब है कि वह व्यक्ति संविधान और कानून के खिलाफ खड़ा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर प्रक्रिया के जरिए किसी भी वैध मतदाता का नाम नहीं काटा गया है। अगर किसी को लगता है कि उसका नाम गलत तरीके से हटाया गया है, तो वह चुनाव आयोग से संपर्क कर सकता है। जहां भी समस्या होती है, उसे ठीक किया जाता है।

दीपक प्रकाश ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में चुनाव के दौरान हिंसा की घटनाएं बढ़ जाती हैं और इन घटनाओं के पीछे अक्सर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता पाए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि अब बंगाल की जनता यह सब देख रही है और आने वाले समय में एनडीए के नेतृत्व में वहां सरकार बनने का दावा किया।