पटना, 23 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह सोमवार को कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद पटना की बेऊर जेल से रिहा हो गए। उनके जेल से बाहर आने के बाद पटना से लेकर मोकामा तक उनके समर्थकों में जश्न का माहौल है।
बेऊर जेल से निकलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में समर्थक बेऊर जेल के बाहर पहुंचे थे। जेल से बाहर निकलने के बाद समर्थकों के साथ विधायक अनंत सिंह पटना स्थित अपने आवास पहुंचे, जहां पहले से ही उनके स्वागत की तैयारी की गई थी। उनके आवास पहुंचने पर समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी भी की। आवास को पूरी तरह सजा दिया गया है और समर्थकों के लिए भव्य भोज की तैयारी की गई है।
उनकी रिहाई को लेकर समर्थकों में गजब उत्साह देखा जा रहा है। बताया जाता है कि अनंत सिंह मंगलवार को पटना से बड़हिया के लिए प्रस्थान करेंगे और इस दौरान रास्ते में रोड शो होगा। वहां वे महारानी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। 2025 को दुलारचंद यादव की हत्या के बाद अनंत सिंह की गिरफ्तारी हुई थी। करीब चार महीने बाद अब उन्हें राहत मिली है।
इस बीच उनका नाम लगातार सुर्खियों में बना रहा। अनंत सिंह को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दुलारचंद हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार किया गया था और जेल में रहते हुए उन्होंने चुनाव लड़ा और मोकामा के पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को हराया।
अनंत सिंह की रिहाई से मोकामा की सियासत में एक बार फिर सरगर्मी तेज होने की उम्मीद है। अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में गुरुवार को पटना हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी। राज्यसभा चुनाव के दौरान वे जेल से विधानसभा पहुंचे थे और वोट दिया था। उस समय उन्होंने कहा था कि अब वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, उनके बच्चे राजनीति करेंगे। अनंत सिंह की पहचान एक बाहुबली विधायक के रूप में है।

