हैदराबाद, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के नेताों ने नोबेल शांति पुरस्कार की चर्चा को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पाकिस्तान दुनिया को यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि वही शांति वार्ताकार हैं, लेकिन हर कोई जानता है कि वे पूरी दुनिया के लिए आतंकवाद का केंद्र हैं। जहां कहीं भी आतंकवाद के निशान मिलते हैं, उनका कोई न कोई ठिकाना पाकिस्तान में जरूर होता है।
भाजपा की तेलंगाना इकाई के प्रमुख एन रामचंद्र राव ने शनिवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “पाकिस्तान का नोबेल शांति पुरस्कार पाने की कोशिश करना इस सदी का सबसे बड़ा मजाक होगा, क्योंकि पाकिस्तान एक आतंकवादी राष्ट्र है। पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “ओसामा बिन लादेन को पाकिस्तान में ही मारा गया था। इसलिए, युद्ध के इस मोड़ पर पाकिस्तान बस दूसरे देशों को वहां आकर बातचीत करने में मदद कर रहा है। यह भी निश्चित नहीं है कि क्या सच में, सुलह की अपील और सीजफायर के बाद भी युद्ध नहीं होगा। तो फिर पाकिस्तान ने ऐसा कौन सा महान काम कर दिया है?”
भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने कहा, “हमारे पड़ोस में, खासकर पाकिस्तान के साथ, एक मजेदार स्थिति चल रही है। वे अपनी भू-राजनीतिक हैसियत से बढ़कर काम करने की कोशिश कर रहे हैं और दुनिया को यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि हां, वे ही शांति वार्ताकार हैं। लेकिन हर कोई जानता है कि वे पूरी दुनिया के लिए आतंकवाद का केंद्र हैं। जहां कहीं भी आतंकवाद के निशान मिलते हैं और जहां कहीं भी ‘आतंकवाद यूनिवर्सिटी’ के ‘ग्रेजुएट’ मिलते हैं, उनका कोई न कोई ठिकाना पाकिस्तान में जरूर होता है।”
उन्होंने आगे कहा, “अब वे ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच शांतिदूत बनने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन ईरान को उन पर जरा भी भरोसा नहीं है। उन्हें डर है कि ये पाकिस्तानी लोग उनकी मौजूदगी और उनके ठिकाने की जानकारी अमेरिकी और इजरायली खुफिया एजेंसियों को दे देंगे।”
टीआर श्रीनिवास ने कहा कि लोग इस बात पर हंस रहे हैं कि पाकिस्तान अपनी हैसियत से बढ़कर काम करने और भू-राजनीति में अपना वजन बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। इससे पाकिस्तानी सबसे बड़े मजाक का पात्र बन गए हैं।

