10वीं-12वीं की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रों को प्राथमिकता देगी दिल्ली मेट्रो

0
5

नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। कक्षा 10 और 12 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो की तरफ से खास पहल की गई है। परीक्षा देने के लिए जा रहे छात्रों को कई परेशान न हो, इसके लिए डीएमआरसी ने छात्रों के लिए कई इंतजाम किए हैं।

सीबीएसई की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू हुई है और 10 अप्रैल तक चलने वाली है। परीक्षा के दिनों में लाखों छात्र शहर में मेट्रो से यात्रा करेंगे। उन्हें सुरक्षा जांच और टिकट लेने के लिए लंबी कतारों में न खड़ा होना पड़े, इसके लिए डीएमआरसी ने सीआईएसएफ के साथ मिलकर मेट्रो स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की है।

जिन छात्रों के पास सीबीएसई का एडमिट कार्ड होगा, उन्हें मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान प्राथमिकता दी जाएगी। एडमिट कार्ड दिखाने वाले छात्रों को टिकट खरीदते समय भी प्राथमिकता मिलेगी, चाहे वे टिकट ऑफिस मशीन से टिकट लें या कस्टमर केयर सेंटर से। मेट्रो स्टेशनों पर छात्रों की सुविधा के लिए विशेष घोषणाएं भी की जाएंगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कक्षा 10 के लिए लगभग 25 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है, जबकि कक्षा 12 की परीक्षा में लगभग 18.5 लाख उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं। कक्षा 10 की परीक्षाएं 8,074 केंद्रों पर और कक्षा 12 की परीक्षाएं 7,574 केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं।

सीबीएसई ने छात्रों को परीक्षा केंद्रों पर समय से काफी पहले पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह ठीक 10 बजे बंद हो जाएगा। बोर्ड ने दोहराया है कि परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएंगी और निर्धारित समय के बाद किसी भी छात्र को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कक्षा 10 के लिए पंजीकृत 25 लाख उम्मीदवारों में से लगभग 14 लाख लड़के और लगभग 10.9 लाख लड़कियां हैं। कक्षा 12 में, लगभग 10.2 लाख लड़के और 8.3 लाख लड़कियां इस वर्ष बोर्ड परीक्षा दे रही हैं।