चंडीगढ़ ब्लास्ट पर भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, ‘पंजाब सरकार को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने चाहिए’

0
7

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि बड़ी घटना नहीं होने से राहत है, लेकिन राज्य सरकार को सुरक्षा के और कड़े इंतजाम करने चाहिए।

दिनेश शर्मा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर जो ब्लास्ट हुआ, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य सरकार को और अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए। केंद्र सरकार से जितनी भी सहायता की जरूरत होती है, वह दी जाती है। पंजाब में चुनाव से पहले कुछ अवांछनीय तत्व शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी दलों को दलीय राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।”

उन्होंने आज राज्यसभा में पास हुए सीएपीएफ (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन) बिल 2026 का स्वागत किया। शर्मा ने बताया कि ध्वनि मत से पास हुए इस बिल से अर्धसैनिक बलों को नया जोश मिलेगा और उनकी सेवा शर्तों में समानता आएगी। सरकार इन बलों के कल्याण के लिए नई योजनाएं लाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज राज्यसभा में पहले सीएपीएफ बिल और फिर बैंकरप्सी बिल पास हुआ।

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में स्थिति लगातार बिगड़ रही है। मंत्री अधिकारियों के साथ बदतमीजी करते हैं और बाद में पकड़े जाते हैं। नशे का कारोबार बढ़ रहा है, और युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं क्योंकि सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही।

मल्होत्रा ने चंडीगढ़ ब्लास्ट पर कहा, “यह घटना पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं। अगर पंजाब की यही स्थिति रही तो जल्द ही उन्हें दिल्ली की तरह बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।”

चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में बुधवार शाम भाजपा कार्यालय के बाहर कम तीव्रता वाला ब्लास्ट हुआ। पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया है। एनआईए, सीएफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में क्रूड विस्फोटक या स्कूटर बैटरी विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।