चंडीगढ़ में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है : हरपाल सिंह चीमा

0
7

चंडीगढ़, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। चंडीगढ़ स्थित भाजपा के प्रदेश ऑफिस के बाहर हुए धमाके को लेकर पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दावा किया है कि वहां कानून व्यवस्था की स्थिति काफी खराब है और अगर चंडीगढ़ को पंजाब में मिला दिया जाए तो वहां भी स्थिति ठीक करेंगे।

चंडीगढ़ में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सुरक्षित हाथों में है। आम आदमी पार्टी की सरकार सिक्योरिटी पर कोई कंप्रोमाइज नहीं करती है, यहां पर जीरो टॉलरेंस है।

उन्होंने कहा कि जो भी पंजाब की सुरक्षा को चुनौती देने की कोशिश करेगा, पंजाब के लॉ एंड ऑर्डर को खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री चीमा ने कहा कि चंडीगढ़ हमें दे दीजिए। हम वहां पर कानून व्यवस्था को संभालेंगे। पंजाब तो हजारों बार, जब से ये स्टेट बना है, हम मांग रहे हैं कि चंडीगढ़ पंजाब को मिलना चाहिए। चंडीगढ़ हमारे हवाले कर दो, तो हम सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद लेंगे। एक भी गलत काम नहीं होगा।

उन्होंने दावा किया कि आज चंडीगढ़ को कूड़े का डंप बना दिया गया। जो सिटी ब्यूटीफुल था, उसको कूड़े का डंप बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहां लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब है। हर जगह मार-धाड़ की घटनाएं हर रोज होती हैं, हर एक मार्केट में होती हैं। इसका मतलब है कि भारतीय जनता पार्टी जो है, पूरी तरह फेल हो चुकी है।

भाजपा नेता अश्विनी शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री चीमा ने कहा कि वे झूठ बोल रहे हैं। चंडीगढ़ की जो रिक्रूटमेंट होती है, वो प्रशासन करता है। प्रशासन की देखरेख गर्वनर करते हैं। चंडीगढ़ के प्रशासक गर्वनर हैं। गवर्नर सीधे गवर्नमेंट ऑफ इंडिया के अंदर आते हैं। यूटी सीधी गवर्नमेंट ऑफ इंडिया के अंदर आती है। मैं समझता हूं कि जो धमाका भाजपा ऑफिस के बाहर हुआ है, इसके लिए भाजपा ही जिम्मेदार है। भाजपा देश और पंजाब के साथ ही साथ चंडीगढ़ का माहौल खराब करना चाहती है। सरकार का खुफिया तंत्र पूरी तरह से फेल हुआ है।