बीजिंग, 6 मार्च (आईएएनएस)। चीन की नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के वार्षिक सम्मेलन में प्रस्तुत सरकारी कार्य रिपोर्ट में कहा गया है कि चालू वर्ष में चीन की अनुमानित आर्थिक वृद्धि दर 4.5 प्रतिशत से 5 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है और वास्तविक कार्यान्वयन के दौरान इससे बेहतर परिणाम प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
इस लक्ष्य के बारे में जानकारी देते हुए सरकारी कार्य रिपोर्ट के ड्राफ्टिंग ग्रुप के प्रमुख और राज्य परिषद के अध्ययन कार्यालय के महानिदेशक शन तानयांग ने 5 मार्च को राज्य परिषद के सूचना कार्यालय द्वारा आयोजित एक ब्रीफिंग में बताया कि घरेलू आर्थिक संचालन की स्थिति और बाहरी वातावरण में हो रहे परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए यह लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उनके अनुसार यह लक्ष्य सकारात्मक होने के साथ-साथ व्यावहारिक भी है, क्योंकि इसमें आवश्यकता और संभावनाओं दोनों का संतुलित रूप से विचार किया गया है।
शन तानयांग ने आगे बताया कि एक ओर यह लक्ष्य चालू वर्ष में ढांचागत सुधार, जोखिम की रोकथाम तथा व्यापक सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त गुंजाइश प्रदान करता है, वहीं दूसरी ओर यह वर्ष 2035 के दीर्घकालिक विकास लक्ष्य से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य 15वीं पंचवर्षीय योजना की अवधि के दौरान आर्थिक आधार को और मजबूत करने तथा पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता को भी प्रतिबिंबित करता है। चीन का दीर्घकालिक उद्देश्य यह है कि वर्ष 2035 तक प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद 20 हजार अमेरिकी डॉलर तक पहुँच जाए। इसका अर्थ है कि आगामी दस वर्षों में चीन की औसत आर्थिक वृद्धि दर 4.17 प्रतिशत से अधिक बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यह लक्ष्य चीन की आर्थिक संरचना और विकास की अंतर्निहित क्षमता के अनुरूप है। शन तानयांग के अनुसार चीनी अर्थव्यवस्था में मज़बूत लचीलापन और पर्याप्त जीवंतता मौजूद है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष अधिक सक्रिय और सकारात्मक समग्र नीतियों को जारी रखते हुए कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुधार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे आर्थिक विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और वृद्धि की क्षमता को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

