बीजिंग, 5 मार्च (आईएएनएस)। चीनी महिला बास्केटबॉल टीम ने बुधवार को मध्य चीन के हुनान प्रांत की राजधानी छांगशा में विश्व कप क्वालीफायर से पहले अपने अभ्यास मैच में ब्राजील को रोमांचक मुकाबले में 74-69 से हरा दिया।
मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दूसरे क्वार्टर में चीनी टीम ने ब्राजील को मात्र 11 अंकों पर रोकते हुए बढ़त बना ली। वांग सीय्वू ने पहले हाफ में 6 में से 6 शॉट लगाकर 13 अंक बनाए, जिससे चीन 39-26 की बढ़त के साथ मैच के बीच में पहुंचा।
तीसरे क्वार्टर में चीन ने 55-40 की बढ़त बना ली थी, लेकिन चौथे क्वार्टर में उसने सिर्फ 9 अंक बनाए। ब्राजील ने आखिरी सेकंड में लंबा तीन पॉइंटर लगाकर स्कोर 64-64 से बराबर कर दिया और मैच ओवरटाइम में पहुंच गया। ओवरटाइम में चांग जियू ने शानदार प्रदर्शन किया और चीन को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अंत में चीनी टीम ने 74-69 से जीत हासिल ली।
चीनी टीम के मुख्य कोच कोंग लुमिंग ने मैच के बाद कहा कि टीम को उच्च-स्तरीय मैचों की जरूरत है ताकि वे विश्व कप क्वालीफायर की लय में आ सकें। दोनों टीमें शुक्रवार को फिर भिड़ेंगी। बता दें कि 2026 महिला बास्केटबॉल विश्व कप क्वालीफायर 11 से 17 मार्च तक आयोजित होंगे। चीन को वुहान में बेल्जियम, ब्राजील, दक्षिण सूडान, चेक गणराज्य और माली के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

