चुनाव आयोग न तो निष्पक्ष है और न ही स्वतंत्र : अवधेश प्रसाद

0
7

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। उन्होंने आईएएनएस से कहा कि यह कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि चुनाव आयोग जिसे निष्पक्ष और स्वतंत्र होना चाहिए, अपने कर्तव्य में विफल हो रहा है। लोकतंत्र को मजबूत करने और उसकी निष्पक्षता सुनिश्चित करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी चुनाव आयोग की होती है। हालांकि, यह बेहद दुखद और खेदजनक है कि चुनाव आयोग न तो निष्पक्ष है और न ही स्वतंत्र, यह केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है।

सपा सांसद ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र की लूट हो रही है। सबसे बड़ी लूट की शुरुआत अगर हम कहें तो मिल्कीपुर में वोटों की डकैती के रूप मे हुई। वोटों की लूट का इतिहास कभी लिखा जाएगा तो उसकी शुरुआत मिल्कीपुर के विधानसभा उपचुनाव में देखने को मिली। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बार-बार आगाह किया और आयोग से अनुरोध किया लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। पूरी तरह से सरकार के इशारे पर सारे काम हुए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में एसआईआर की कार्यवाही चल रही है और बड़े पैमाने पर वोट काटे जा रहे हैं। पीडीए गठबंधन के समर्थकों के वोट काटे जा रहे हैं। बाबा साहब भीम राव आंबेडकर ने संविधान में वोट का अधिकार दिया है लेकिन भाजपा के लोग इसे छीनना चाहते हैं और लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। एसआईआर के विरोध में ममता बनर्जी ने एक सप्ताह धरना दिया और सुप्रीम कोर्ट तक गईं। ऐसी स्थिति क्यों सामने आ रही है कि वोट को बचाने के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है और धरना देना पड़ रहा है।

बता दें कि देश के कई राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया जारी है और विपक्ष एसआईआर का विरोध कर रहा है। बंगाल में ममता बनर्जी एसआईआर के बाद मतदाताओं के नाम कटने का आरोप लगा रही हैं और धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। 10 मार्च को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में एसआईआर को धोखाधड़ी करार दिया था।