सीएम नीतीश ने बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग का किया कार्यारंभ

0
7

पटना, 8 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को 542 करोड़ रुपये की लागत से बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग का कार्यारंभ किया। मुख्यमंत्री ने निर्माण करने वाली मशीन का बटन दबाकर कार्य की शुरुआत कराई।

इस दौरान अधिकारियों से मुख्यमंत्री ने सुरंग (टनल) के निर्माण कार्य की प्रक्रिया तथा इसे पूर्ण करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। नेहरू पथ के समीप हड़ताली मोड़ स्थित निर्माणाधीन म्यूज़ियम सब-वे टनल के कार्यारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए इस निर्माण कार्य को बेहतर ढंग से जल्द पूर्ण करने को कहा।

उन्होंने कहा कि इसके बन जाने से बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय में लगे प्रदर्शनों का लोग आसानी से एक जगह से दूसरी जगह जाकर अवलोकन कर सकेंगे। पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने अधिकारियों से पार्किंग की भी उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय का परिभ्रमण किया।

मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय के सामने पुनर्विकसित किए जा रहे 60 आवास एवं ऑफिसर्स हॉस्टल कैम्पस तथा पार्क के निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली और स्थल निरीक्षण किया। यहाँ निर्मित होने वाले भवन के नए परिसर में सोलर पार्किंग शेड, ओपेन पार्किंग, क्लब हाउस आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

नीतीश ने सभी काम समयावधि में कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके बन जाने से लोगों को सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग के पटना संग्रहालय वाले छोर का भी स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार भी उपस्थित रहे। बता दें कि मुख्यमंत्री ने शनिवार को भी विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया था और जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएस