नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक अभय वर्मा की पूज्य माता उर्मिला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं लक्ष्मी नगर से विधायक अभय वर्मा की पूज्य माता स्व. उर्मिला देवी की प्रार्थना सभा में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति।
इस बीच मुख्यमंत्री ने महरौली विधानसभा के विकास के लिए 135 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इसे लेकर उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि महरौली अब अपने भव्य स्वरूप में लौटेगी। आज शुरू हुए 135 करोड़ रुपए के विकास कार्य केवल स्थानीय परियोजनाएं नहीं, बल्कि विकसित दिल्ली के संकल्प की मजबूत नींव हैं, जहां विरासत का सम्मान और भविष्य का निर्माण साथ-साथ चलता है।
उन्होंने अन्य एक्स पोस्ट में कहा कि आज महरौली विधानसभा के विकास के लिए 135 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। विकसित दिल्ली का सपना आपके घर, कॉलोनी और विकसित विधानसभा से ही साकार होगा, और महरौली उसी दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हम महरौली की ऐतिहासिक भव्यता को सुरक्षित रखते हुए उसे 21वीं सदी की आधुनिक सुविधाओं से जोड़ रहे हैं। विरासत भी संरक्षित होगी और भविष्य भी सशक्त बनेगा। कुछ लोगों ने दिल्ली को सिर्फ विज्ञापनों में चमकाया। महरौली की विरासत, यहां की ज़रूरतें और नागरिकों की अपेक्षाएं वर्षों तक उपेक्षित रहीं। उनकी राजनीति सिर्फ सत्ता केंद्रित थी, हमारी राजनीति सेवा-सुशासन और विकास की है। ये सभी परियोजनाएं स्वच्छता सुनिश्चित करने, आधारभूत ढांचा मजबूत करने और नागरिकों के जीवन को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने की दिशा में ठोस कदम हैं।
इस अवसर पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, महरौली के विधायक गजेंद्र सिंह यादव, पूर्व पार्षद आरती सिंह यादव, क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

