चेन्नई, 13 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को चेन्नई में मरीना बीच पर लेबर स्टैच्यू के पास एलईडी स्क्रीन पर एक शॉर्ट फिल्म देखी, जिसमें ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन की पांच साल की उपलब्धियों (2021-2026) को दिखाया गया।
इसके बाद चेन्नई स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसमें नगर प्रशासन निदेशालय द्वारा 177.17 करोड़ की लागत से पूरे किए गए 35 कार्य, नगर पंचायत निदेशालय द्वारा 32.23 करोड़ की लागत से पूरे किए गए नौ कार्य और ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन द्वारा 2.50 करोड़ की लागत से बनाए गए एक स्कूल की इमारत शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया और अधिकारियों को वाहन सौंपे। उन्होंने ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन की 16.49 करोड़ की पांच नई परियोजनाओं, चेन्नई मेट्रोपॉलिटन जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड की 25.79 करोड़ की तीन नई परियोजनाओं और नगर प्रशासन निदेशालय की 11.48 करोड़ की एक नई परियोजना व नगर प्रशासन निदेशालय के आधिकारिक उपयोग के लिए अधिकारियों को 3.28 करोड़ के 28 वाहन सौंपे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री स्टालिन ने राजमार्ग विभाग की ओर से सलेम, नामक्कल, कोयंबटूर, तिरुवन्नामलाई, तिरुप्पुर और तिरुवरूर जिलों में 1,843.85 करोड़ की लागत से बनाई गई 11 सड़कों का जनता के उपयोग के लिए उद्घाटन किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री स्टालिन ने तूतीकोरिन जिले के उदंगुडी में तमिलनाडु पावर जेनरेशन कॉर्पोरेशन द्वारा स्थापित नए 1320 मेगावाट सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की यूनिट-1 का उद्घाटन किया। इसे 13,077 करोड़ की लागत से बनाया गया है। इससे बिजली उत्पादन शुरू हो गया है।
शैक्षणिक वर्ष 2025–26 के लिए मुख्यमंत्री स्टालिन ने सरकारी कला, विज्ञान और शिक्षा कॉलेजों में इतिहास शिक्षा, मानवाधिकार, भारतीय संस्कृति और पर्यटन, समुद्री जीव विज्ञान और वन्यजीव व जीव विज्ञान विषयों में रिक्तियों को भरने के लिए पहले चरण में चुने गए सहायक प्रोफेसरों को नियुक्ति पत्र जारी किए।
मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल सेवा विभाग की ओर से ‘तमिलनाडु एवीजीसी-एक्सआर नीति 2026’ (एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी) भी जारी की।

