कांग्रेस के थाली प्रदर्शन पर विधायक रामेश्वर शर्मा का तंज, ‘पार्टी ‘ख्याली पुलाव’ पका रही’

0
6

भोपाल, 19 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। कांग्रेसी विधायकों ने गुरुवार को हाथों में थाली लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस केवल ख्याली पुलाव ही पका रही है।

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई काम नहीं बचा हुआ है। वह जानकर शोर मचा रही है। इनके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, तो ये लोग केवल जनता को गुमराह करने के लिए सदन के बाहर शोर कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज तक न तो हिंदुस्तान के साथ न्याय किया, न किसान के साथ न्याय किया, न कांग्रेस ने देश की बेटियों के साथ न्याय किया, न ही कांग्रेस ने छात्रों के साथ न्याय किया। इसीलिए जनता इन्हें नकार रही है। जनता को भी पता है कौन सी पार्टी हम लोगों के साथ खड़ी है। इसीलिए इनकी थाली खाली हो गई है और ये लोग हाथों में थाली लेकर बजा रहे हैं।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का नेता खाली है, देश की जनता उसको पसंद नहीं कर रही है, तो पार्टी को कौन पसंद करेगा? इसका एक कारण यह भी है कि राहुल गांधी के साथ जो भी लोग हैं, वे खाली थाली बजा रहे हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस परेशान हो गई है। भाजपा जो जनता के हित में काम कर रही है, उससे भी कांग्रेस परेशान हो गई है।

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि आज देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी को पसंद कर रही है। मध्य प्रदेश में डबल इंजन की सरकार लगातार जनता के हित में काम कर रही है। जनता के लिए अनेकों योजनाएं चलाई जा रही हैं जिससे जनता की समस्याएं दूर हो सकें। आज जनता को कोई भी समस्या होती है तो वह उसे सीधे संबंधित अधिकारियों को बताकर दूर कर सकती है।

उन्होंने कहा कि पहले की सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखा करती थी, इसीलिए जनता ने भी उनको अनदेखा कर दिया है। अब कांग्रेस को कोई पूछ नहीं रहा है।