कांग्रेस की आंतरिक राजनीति अब सड़कों तक पहुंच चुकी है : प्रतुल शाह देव

0
7

रांची, 17 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कई राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस और अन्य दलों पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के मांस बिक्री संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रतुल शाह देव ने कहा कि मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की बात नहीं कही गई है, बल्कि इसे स्वच्छ और लाइसेंस प्राप्त व्यवस्था के तहत बेचने की बात कही गई है, जिससे वे सहमत हैं।

उन्होंने कहा कि जब मटन या चिकन खुले में धूल-मिट्टी के बीच काटकर बेचा जाता है और स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जाता, तो हानिकारक बैक्टीरिया शरीर में प्रवेश कर सकते हैं, जो कई बार गंभीर बीमारियों का कारण बनते हैं। बिहार सरकार को इस अनियमित क्षेत्र को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, क्योंकि स्वच्छता सीधे स्वास्थ्य से जुड़ी है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रतुल शाह देव ने कहा कि जब भी लगता है कि कांग्रेस अब और नीचे नहीं जा सकती, वह उससे भी आगे गिर जाती है। कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद द्वारा वंदे मातरम को सांप्रदायिक बताने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह गीत बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर विरासत है और इसे विवादित बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस नेता मणि शंकर अय्यर को लेकर भी शाह देव ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता रहे अय्यर की स्थिति अब इतनी कमजोर हो गई है कि पार्टी उन्हें चुनावी राज्य केरल जाने से भी रोक रही है। कांग्रेस के भीतर का आंतरिक संघर्ष अब खुलकर सामने आ चुका है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेता एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और शशि थरूर को ‘गिरगिट’ तक कहा जा रहा है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा अय्यर के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे स्पष्ट है कि पार्टी के भीतर हालात ठीक नहीं हैं। कांग्रेस की आंतरिक राजनीति अब सड़कों और सार्वजनिक बयानों तक आ गई है। उन्होंने दावा किया कि जो पार्टी कभी अनुशासन के लिए जानी जाती थी, आज वह आंतरिक कलह से जूझ रही है।