‘कांग्रेस में होता है अधीर रंजन चौधरी का अपमान’, भाजपा नेता ने दिया पार्टी में शामिल होने का न्योता

0
5

बैरकपुर, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की बैरकपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी कौस्तव बागची ने कहा है कि अधीर रंजन चौधरी को कांग्रेस में उन्हें अपमानित किया गया है। उन्हें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए।

भाजपा उम्मीदवार कौस्तव बागची ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “अधीर रंजन चौधरी कभी भी तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में वोट नहीं मांगेंगे। मैं चाहता हूं कि अधीर रंजन चौधरी भाजपा में शामिल हो जाएं। अगर उनके जैसा कोई बड़ा नेता भाजपा में शामिल होता है, तो यह बहुत अच्छी बात होगी।”

उन्होंने कहा कि अधीर रंजन चौधरी एक बड़े नेता हैं। वे लगातार तृणमूल के खिलाफ लड़ते रहे हैं। कांग्रेस में उन्हें अपमानित किया गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। पश्चिम बंगाल कांग्रेस में अधीर रंजन चौधरी अकेले पड़ चुके हैं। उनके कहने पर दो-चार नेताओं को भी इस बार चुनाव में टिकट मिल पाया है। इसी तरह वे हर दिन कांग्रेस पार्टी में अपमानित हो रहे हैं।

बैरकपुर में मुस्लिम वोटबैंक को लेकर भाजपा प्रत्याशी ने कहा, “यहां बात मुसलमानों की बहुसंख्या की नहीं है। बैरकपुर में, लगभग 16-17 प्रतिशत मुसलमान वोट देते हैं। इसलिए इसमें कोई समस्या नहीं है।”

कौस्तव बागची ने कहा कि हम भी मुसलमानों के पास जाते हैं और विकास के मुद्दों पर मुसलमानों का समर्थन करना चाहते हैं, लेकिन पिछले कुछ चुनावों में यह देखा गया है कि मुसलमान हमें वोट नहीं देते। हम कहते हैं कि अगर आप विकास से जुड़ना चाहते हैं, तो आपको भाजपा को वोट देना होगा। अगर आप चाहते हैं कि बंगाल में चोरों की सरकार रहे तो आप लोग अपना निर्णय ले सकते हैं। हालांकि, पश्चिम बंगाल में आज के समय में हर कोई चाहता है कि ममता बनर्जी की सरकार जाए।

बंगाल में मुस्लिम समुदाय के लोगों की स्थिति को लेकर भाजपा नेता ने कहा, “जो मारता है, वह भी मुसलमान है और जो बम के जख्म से मरता है, वह भी मुसलमान है। तो क्या मुसलमानों को बस यही चाहिए? मुस्लिम नेता कहते हैं कि आपके बच्चों को मदरसे भेजा जाना चाहिए। फिरहाद हाकिम (टीएमसी सरकार में मंत्री) के बेटे या बेटी ने किस मदरसे में पढ़ाई की है? मदरसे सिर्फ गरीब मुसलमानों के लिए हैं, यह सही नहीं है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा सबके साथ एक जैसा बर्ताव करती है। हम चाहते हैं कि देश के नागरिक के तौर पर सब लोग मिल-जुलकर रहें। देश सबसे पहले होना चाहिए।

इसी बीच, भाजपा नेता ने बैरकपुर में अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, “बैरकपुर के लोग इस बात से बहुत खुश हैं कि मैं बैरकपुर क्षेत्र की ही धरती का बेटा हूं। न तो टीएमसी उम्मीदवार राज चक्रवर्ती और न ही माकपा उम्मीदवार बैरकपुर क्षेत्र के निवासी हैं। मैं ही इस क्षेत्र का एकमात्र निवासी हूं। मैं बैरकपुर क्षेत्र की धरती का बेटा हूं। भाजपा इस बार बैरकपुर में जीत हासिल करेगी।”