देहरादून, 1 अप्रैल (आईएएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के निधन पर उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सीएम धामी ने परिजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
उन्होंने ‘ऑपरेशन प्रहार’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना में शामिल दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “देहरादून में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशीजी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान परिजनों से भेंट कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
उन्होंने आगे लिखा, “इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आम जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अधिकारियों को प्रदेश में ऑपरेशन प्रहार चलाकर अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ऐसे तत्वों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
इससे पहले सीएम धामी ने देहरादून में हाल ही में हुई कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। सीएम धामी के निर्देश पर सोबन सिंह, उप आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 मसूरी,जनपद-देहरादून और प्रभारी कुठालगेट चौकी एसआई अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।
बता दें कि राजधानी देहरादून के राजपुर पुलिस स्टेशन एरिया में रिटायर ब्रिगेडियर वीके जोशी की गोली लगने से मौत हो गई थी। यह गोली उन्हें तब लगी जब वे सुबह टहलने के लिए निकले थे।


