डेरिल मिचेल और सोभना मोस्टरी चुने गए जनवरी माह के ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ’

0
5

दुबई, 28 फरवरी (आईएएनएस)। डेरिल मिचेल और सोभना मोस्टरी को जनवरी महीने के लिए ‘आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड’ दिया गया है। मिचेल ने न्यूजीलैंड को भारत में वनडे सीरीज में जबरदस्त जीत दिलाई थी। वहीं, मोस्टरी ने आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन किया था।

मिचेल ने इस अवॉर्ड के लिए भारत के सूर्यकुमार यादव और इंग्लैंड के जो रूट को पीछे छोड़ दिया। मिचेल ने न्यूजीलैंड के भारत दौरे की 50 ओवर की सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने वनडे फॉर्मेट में अपनी टीम की सफलता दिलाने में अहम योगदान दिया।

न्यूजीलैंड की टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज में 0-1 से पीछे थी, जिसके बाद मिचेल ने लगातार दो सेंचुरी लगाकर उस सीरीज को पलट दिया। मिचेल ने सीरीज के पहले मैच में 84 रन बनाने के बाद अगले दो मुकाबलों में 131* और 137 रन की पारी खेली थी। उनकी इस शतकीय पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने सीरीज के अंतिम दो मुकाबले जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।

शानदार प्रदर्शन के साथ मिचेल ने वनडे सीरीज में 352 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। इसी के साथ उन्होंने आईसीसी वनडे रैंकिंग में फिर से नंबर-1 स्थान हासिल किया। इसके बाद मिचेल ने पांच टी20 मुकाबलों की सीरीज में 186.56 के शानदार स्ट्राइक रेट से 125 रन बनाए।

दूसरी ओर, बांग्लादेश की सोभना मोस्टरी ने महिलाओं की श्रेणी में जनवरी माह का ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ का अवॉर्ड अपने नाम किया। सोभना ने बांग्लादेश को ग्लोबल क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में बिना हारे रहने में मदद करने में अहम भूमिका निभाई। उस टूर्नामेंट के अपने पहले छह मैचों में मोस्टरी ने 45.80 की औसत और 145.85 के स्ट्राइक रेट से 229 रन बनाए। सोभना के साथ महिलाओं की श्रेणी में इस अवॉर्ड के लिए गैबी लुईस और तारा नॉरिस को नॉमिनेट किया गया था।