मुंबई, 9 मार्च (आईएएनएस)। रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ट्रेलर रिलीज के साथ सोशल मीडिया पर छा चुकी है।
फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और यह कहना गलत नहीं होगा कि फिल्म ‘धुरंधर’ का भी रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रहेगी। फिल्म भले ही सिनेमाघरों में 19 मार्च को रिलीज होने वाली है, लेकिन मेकर्स ने ऐसा दांव खेला है जिससे कमाई रिलीज से पहले ही आसमान छू रही है।
19 मार्च को रिलीज होने वाली फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का 18 मार्च को पेड प्रीव्यू रखा है, जिसमें टिकट के दाम 400 से लेकर 2400 रुपये तक हैं। बात सिर्फ टिकट की कीमतों की ही नहीं, बल्कि शो हाउसफुल जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर के लगभग सभी थिएटर बुक हो चुके हैं और क्लासिक, प्राइम, एग्जीक्यूटिव और वीआईपी सेक्शन सब बुक हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स की जानकारी के मुताबिक फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के प्रीमियर शो के लिए 8 लाख रुपये की अग्रिम बुकिंग दर्ज की गई है। इसमें सभी 5 भाषाओं- हिंदी, कन्नड़, मलयालम, तेलुगु और तमिल के वर्जन शामिल है।
देशभर में उपलब्ध 65,000 शो में से 12 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली में प्रीमियर टिकटों की प्री-सेल सबसे ज्यादा हुई है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म रिलीज से 8 दिन पहले ही 5 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है और रोजाना फिल्म की टिकटें लगातार बुक हो रही हैं।
बता दें कि आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म पेड प्रीव्यू में इतिहास रचने की राह पर है। इसने शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस को पीछे छोड़ दिया है, जिसने प्रीमियर के दौरान 6.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
बात अगर ‘धुरंधर’ की करें तो फिल्म ने पहले दिन 27 करोड़ की बड़ी ओपनिंग की थी और 1 महीने बॉक्स ऑफिस पर राज करने के बाद फिल्म ने भारत में कुल ग्रास कलेक्शन 1000 करोड़ से अधिक किया था, जबकि वैश्विक स्तर पर फिल्म 1300 करोड़ कमाने में कामयाब रही थी। अगर धुरंधर: द रिवेंज इसी तेजी से आगे बढ़ती रही तो फिल्म धुरंधर का भी रिकॉर्ड तोड़ देगी।

