दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आगामी विधानसभा चुनावों, नाना पाटोले के बयान, डीके शिवकुमार के बयान और अन्य विषयों पर अपनी राय व्यक्त की। सांसद ने कहा कि डीके शिवकुमार को भाजपा पर झूठे आरोप लगाने की आदत है। बिना किसी सबूत के आरोप लगा देते हैं।
राज्यसभा चुनाव पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “संख्यात्मक बल के आधार पर एनडीए को स्पष्ट रूप से पूर्ण बहुमत प्राप्त होगा। इसमें कोई संदेह नहीं है। एनडीए एक बार फिर राज्यसभा में और भी अधिक मजबूती के साथ अपना झंडा बुलंद करेगा।”
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “राज्यों में चुनावी प्रक्रिया से संबंधित मामलों पर निर्णय लेने का अधिकार भारत निर्वाचन आयोग के पास है। अगर नाना पाटोले जैसे लोग इस पर टिप्पणी करते हैं, तो वे केवल अपने राजनीतिक स्वार्थों को साधने की कोशिश कर रहे हैं और इससे उन्हें राजनीतिक रूप से कोई लाभ नहीं होगा। निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित तिथियों और कार्यक्रम का पालन किया जाएगा और इसमें कोई बदलाव नहीं हो सकता।”
खंडेलवाल ने कहा, “डीके शिवकुमार को झूठे आरोप लगाने की आदत पड़ गई है। अगर वे किसी राज्य के उपमुख्यमंत्री और एक जिम्मेदार नेता हैं, तो उन्हें अपने दावों को साबित करने के लिए सबूत पेश करने चाहिए। सिर्फ मौखिक आरोप लगाने से कुछ हासिल नहीं होता। यह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की संस्कृति हो सकती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की संस्कृति कभी नहीं रही।”
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने हाल ही में आरोप लगाया है कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों को खरीदने के लिए 5-5 करोड़ रुपए का ऑफर दिया गया था, जिसके बाद 2 लोगों को ब्लैंक चेक के साथ गिरफ्तार किया गया।
डीके शिवकुमार ने कहा था कि भाजपा के ”ऑपरेशन लोटस” के तहत ओडिशा कांग्रेस के विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

