ईयू-भारत और भारत-ईएफटीए समझौतों से बढ़ेंगे आर्थिक अवसर: डेनमार्क के राजदूत

0
11

नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। भारत में डेनमार्क के राजदूत रासमस अबिल्डगार्ड क्रिस्टेंसन ने दिल्ली में अन्य नॉर्डिक देशों के राजदूतों के साथ विदेश मंत्रालय में पश्चिम मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज से मुलाकात की।

क्रिस्टेंसन ने कहा कि भारत और नॉर्डिक देशों के बीच सहयोग की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि ईयू-भारत और भारत-ईएफटीए मुक्त व्यापार समझौतों के बाद आर्थिक साझेदारी के अवसर और भी बड़े हो गए हैं।

क्रिस्टेंसन ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्‍ट कर कहा, ”नॉर्डिक देशों और भारत के पास एक-दूसरे को देने के लिए बहुत कुछ है, और ईयू-भारत तथा भारत-ईएफटीए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीएएस) के साथ ये अवसर और भी बड़े हो गए हैं। चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था, दो ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था से मिल रही है। आज दिल्ली में अन्य नॉर्डिक राजदूतों के साथ सेक्रेटरी वेस्ट सिबी जॉर्ज से मिलकर बहुत खुशी हुई।”

वहीं, विदेश मंत्रालय के अनुसार, दो दिवसीय दौरे पर बेल्जियम पहुंचे व‍िदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात की।

मंत्री जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्ट कर उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात की जानकारी दी। उन्‍होंने ल‍िखा, ”सोमवार दोपहर यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मिलकर बहुत खुशी हुई। इस जनवरी में भारत की उनकी बेहद सफल राजकीय यात्रा हमारे संबंधों में एक अहम मोड़ साबित हुई है। हम इस पर पूरी सक्रियता से आगे बढ़ रहे हैं। समकालीन वैश्विक घटनाक्रमों पर उनके विचारों की हम सराहना करते हैं।”

वहीं, व‍िदेश मंत्री जयशंकर ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और न‍िकासी के ल‍िए आर्मेन‍िया की सरकार का धन्‍यवाद क‍िया।

म‍िड‍िल ईस्‍ट के तनाव के बीच व‍िदेशों में फंसे भारतीय नागर‍िकों की सकुशल वापसी के ल‍िए भारत सरकार व‍िदेशी सरकारों के साथ संपर्क बनाए हुए है।

आर्मेन‍िया में कुछ भारतीय फंसे हुए थे, ज‍िनको आज सुरक्ष‍ित न‍िकाला गया। इसके ल‍िए मंत्री जयशंकर ने आर्मेनिया के विदेश मंत्री अरारत मिर्जोयान का धन्‍यवाद क‍िया।

मंत्री जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्‍ट करते हुए ल‍िखा, “ईरान से अब तक 550 से अधिक भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी में सहयोग के लिए आर्मेनिया की सरकार और वहां की जनता का धन्यवाद। इन चुनौतीपूर्ण समय में उनके सहयोग की सराहना करते हैं।”