गाजियाबाद, 21 फरवरी (आईएएनएस)। लंबित पासपोर्ट आवेदनों के त्वरित निस्तारण के लिए 24 फरवरी को गाजियाबाद में विशेष ‘पासपोर्ट लोक अदालत’ लगेगी। विदेश मंत्रालय के निर्देशों के अनुपालन में गाजियाबाद स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में लोक अदालत का आयोजन होगा।
पासपोर्ट संबंधी शिकायतों को लेकर लोग 24 फरवरी (मंगलवार) को शाम 3 बजे से 5 बजे तक लोक अदालत में जा सकते हैं। इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य उन आवेदकों को राहत प्रदान करना है, जिनकी पासपोर्ट फाइलें विभिन्न कारणों से लंबित हैं।
लोक अदालत के दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वयं आवेदकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे। इससे आवेदकों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और प्रक्रिया में पारदर्शिता व तेजी आएगी।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय की सीमित उपलब्धता को देखते हुए इस लोक अदालत में अधिकतम 50 आवेदकों की फाइलों का ही निस्तारण किया जाएगा। इसलिए जिन आवेदकों की फाइलें लंबित हैं, वे समय से पहले आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
कार्यालय प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया है कि किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए आवेदक कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर संपर्क कर सकते हैं। ईमेल के माध्यम से भी आवेदकों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
गौरतलब है कि पासपोर्ट सेवा से संबंधित मामलों में समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर इस प्रकार की विशेष पहल की जाती रही है। ‘पासपोर्ट लोक अदालत’ का आयोजन नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करने व लंबित मामलों को शीघ्रता से समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

